महिला एशियन-चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जापान की हॉकी टीम भोपाल पहुंची

WhatsApp Channel Join Now
महिला एशियन-चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जापान की हॉकी टीम भोपाल पहुंची


महिला एशियन-चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जापान की हॉकी टीम भोपाल पहुंची


महिला एशियन-चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जापान की हॉकी टीम भोपाल पहुंची


, 19 नवंबर से शुरू होगी चैंपियनशिप

भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लिए विदेशी टीमों का भोपाल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को जापान की महिला हॉकी टीम राजधानी पहुंची। राजा भोज विमानतल पर भारतीय परंपरा के अनुसार खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। उन्हें तिलक लगाया गया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। भोपाल पहुंचने के कुछ समय बाद ही जापानी खिलाड़ियों ने मैदान पर अभ्यास शुरू कर दिया।

दरअसल, भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर राजधानी में खेल गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को जापान की टीम ने भोपाल पहुंचने के बाद यहां अभ्यास किया।

जापान की टीम में कुल 18 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम की कप्तानी गोलकीपर यु कुडो कर रही हैं। उनके नाम 46 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव दर्ज है। हिरोका मुरायामा के पास भी इतने ही अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव है। हानामी साइतो 45 और मायुरी होरिकावा 41 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं।

अनुभवी खिलाड़ियों में रुई ताकाशिमा के 38, हारुका कावागुची के 34 और माही उएनो के 31 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं। टीम में कई ऐसी खिलाड़ी भी हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

सलीमा टेटे को भरोसा, खिताब बचाएगा भारत

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने भी प्रतियोगिता को लेकर टीम की तैयारियों और लक्ष्य के बारे में अपनी बात रखी। उनका कहना है कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। भारतीय टीम भोपाल में भी जीत की लय कायम रखते हुए खिताब बचाने के लिए मैदान में उतरेगी।

सलीमा के मुताबिक, भारतीय टीम ने इस साल कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। एफआईएच नेशंस कप जीतने के बाद विश्व कप में पांचवां स्थान प्राप्त किया। वर्ष 1974 के बाद विश्व कप में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके बाद जापान में आयोजित एशियन गेम्स में टीम ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

चीन की चुनौती से ज्यादा अपने खेल पर नजर

एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। चैंपियंस ट्रॉफी में भी चीन को मजबूत चुनौती माना जा रहा है। इस बारे में सलीमा ने कहा कि चीन की टीम पूरी तैयारी के साथ आएगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों का ध्यान प्रतिद्वंद्वी के बजाय अपने खेल और रणनीति पर रहेगा। टीम कोच के निर्देशों के अनुसार प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्य कोच श्योर्ड मारिन खिलाड़ियों को अलग-अलग पोजिशन पर खेलने के लिए भी तैयार कर रहे हैं। बड़े टूर्नामेंट में परिस्थितियां कभी भी बदल सकती हैं, इसलिए खिलाड़ियों को वैकल्पिक भूमिकाओं के लिए भी अभ्यास कराया जा रहा है।

सविता की जगह बंसरी को मौका

प्रतियोगिता के लिए अनुभवी गोलकीपर सविता को आराम दिया गया है। उनकी जगह बंसरी सोलंकी को टीम में शामिल किया गया है। सलीमा ने कहा कि सविता का अनुभव काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन बिचु देवी ने भी पूरे साल अच्छा प्रदर्शन किया है। बंसरी मेहनती खिलाड़ी हैं और नई चीजें सीखने के लिए तैयार रहती हैं। टीम को अपने सभी खिलाड़ियों की क्षमता पर भरोसा है।

घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का उत्साह

सलीमा ने भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित होने को खास अवसर बताया। उन्होंने कहा कि अपने देश में दर्शकों के सामने खेलना खिलाड़ियों के लिए हमेशा उत्साह बढ़ाने वाला होता है। स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों का समर्थन टीम को अतिरिक्त ऊर्जा देता है।

भारतीय टीम के लिए यह साल का आखिरी टूर्नामेंट है। ऐसे में खिलाड़ी प्रतियोगिता का समापन खिताबी जीत के साथ करना चाहती हैं। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में खेले जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777281 Articles

Share this story