केन्द्रीय मंत्री साहू ने की जबलपुर के विकास के कार्यों की समीक्षा, नवाचारों और बुनियादी विकास को सराहा

WhatsApp Channel Join Now
केन्द्रीय मंत्री साहू ने की जबलपुर के विकास के कार्यों की समीक्षा, नवाचारों और बुनियादी विकास को सराहा


केन्द्रीय मंत्री साहू ने की जबलपुर के विकास के कार्यों की समीक्षा, नवाचारों और बुनियादी विकास को सराहा


जबलपुर, 24 मई (हि.स.)। केन्द्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर प्रवास के दौरान नगर निगम और स्मार्ट सिटी जबलपुर के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं और लोक-कल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शहर में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सेवाओं में किए गए बेहतरीन नवाचारों के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

समीक्षा बैठक में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बारी-बारी से नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के कार्यो के प्रगति की जानकारी दी। जनकारी के पश्चात केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यो की सराहना करते हुए अच्छे कार्यो के लिए सभी को बधाई दी और स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में बेहतर रैंक प्राप्त करने की शुभकामनाएं भी दी।

बैठक में केन्द्रीय राज्य मंत्री साहू ने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत चल रही प्रगति और केंद्र सरकार से प्राप्त अनुदान राशि से क्रियान्वित की जा रही विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस कल्चरल इन्फॉर्मेशन सेन्टर के संचालन और शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के लिए चलाई जा रही हेरिटेज कन्जर्वेशन परियोजनाओं की प्रगति को सराहा, मदन महल ईको जोन के विकास और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए तैयार किए जा रहे इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रशंसा की। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट के निर्माण, प्रमुख चैराहों के सौंदर्यीकरण व विकास, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सुचारू संचालन को आधुनिक शहर की दिशा में बड़ा कदम बताया।

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने शहर के नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाली बुनियादी योजनाओं की भी गहन समीक्षा की, जिनमें अमृत-1 और अमृत-2 सीवरेज स्कीम्स के क्रियान्वयन तथा जलप्रदाय योजना के अंतर्गत प्रस्तावित आगामी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा।

उन्होंने पूरे शहर में ऊर्जा की बचत के लिए स्थापित की जा रही एल.ई.डी. स्ट्रीट लाइट्स और युवाओं को स्वरोजगार व नए आइडियाज के लिए मंच देने वाले जबलपुर इन्क्यूबेशन सेन्टर के कार्यों को सराहा, साथ ही सिटीज 2.0 के तहत आने वाले प्रोजेक्ट्स, नगर निगम की राजस्व बढ़ाने वाली स्वीकृत परियोजनाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत गरीबों के लिए बनाये जा रहे पक्के मकानों के कार्यों की सराहना की।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जबलपुर नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और जन-जागरूकता के लिए किए गए बेहतरीन और अनूठे नवाचारों की प्रस्तुति दी गई। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रयासों को बेहद सराहनीय बताते हुए कहा कि जबलपुर जिस तरह से स्वच्छता और शहरी विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है, वह अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायी है।

पूरे देश में लागू हो कठौंदा प्लांट की तकनीकः केन्द्रीय मंत्री साहू

जबलपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने शहर के स्वच्छता अभियान के कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम जबलपुर द्वारा स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे अभिनव प्रयासों को सराहना की। उन्होंने कठौंदा स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का बारीकी से अवलोकन करते हुए इसे एक अनुकरणीय मॉडल बताया और कहा कि इस बेहतरीन तकनीक और कार्यप्रणाली को पूरे देश में लागू करने की आवश्यकता है।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्लांट की कार्यप्रणाली, कचरे से बिजली बनाने की प्रक्रिया और इसके पर्यावरणीय लाभों के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। नगर निगम के नवाचारों से प्रभावित होकर उन्होंने कहा कि जबलपुर नगर निगम ने स्वच्छता और कचरा प्रबंधन में जो नए प्रयोग किए हैं, वे वाकई काबिले-तारीफ हैं। कठौंदा का यह प्लांट कचरे के सही निपटान के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करता है, जिससे देश के अन्य शहरों को भी सीख लेनी चाहिए।

कठौंदा प्लांट की सराहना करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने शहर के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने जल शोधन की व्यवस्थाओं और प्लांट की क्षमता को देखा। पानी को रिसायकल कर उसे पुनः उपयोग में लाने के नगर निगम के प्रयासों की उन्होंने जमकर प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने थ्री आर सेन्टर और वेस्ट टू वंडर पार्क का भी निरीक्षण किया। थ्री आर सेन्टर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री ने जरूरतमंदों को थैले वितरित किए, वहीं एसटीपी प्लांट परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story