मप्र के जबलपुर में रानी दुर्गावती प्रगति पथ यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के जबलपुर में रानी दुर्गावती प्रगति पथ यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद


- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने स्थापित किए विकास, सुशासन और स्थिरता के नए आयाम : प्रसाद

जबलपुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचे और यहां आयोजित रानी दुर्गावती प्रगति पथ यात्रा में शामिल हुए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि उन्हें जबलपुर की जनता के बीच उपस्थित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश की जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद रहे।

केन्द्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और स्थिरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनने से देश को मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है। विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

सात किलोमीटर लंबे इस सेतु ने जबलपुर के शहरी विकास को दी नई पहचान

केंद्रीय मंत्री ने रानी दुर्गावती प्रगति पथ परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि लगभग सात किलोमीटर लंबे इस सेतु ने जबलपुर के शहरी विकास को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना अब भारत में साकार हो रही है और यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व के अनेक देशों में अशांति, अस्थिरता और संघर्ष की स्थिति है, वहीं भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक स्थिर, सशक्त और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभरा है। देश वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रभावी नीतियां बना रही है। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के निर्माण के लिए शिक्षा, रोजगार, तकनीक और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे देश के युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू”, विधायक अभिलाष पाण्डेय, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा जबलपुर प्रभारी आलोक संजर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, जबलपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आत्मिका सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story