धार वृद्धाश्रम के नवाचार सराहनीय, केन्द्र सरकार वृद्धजन कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : सावित्री ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
धार वृद्धाश्रम के नवाचार सराहनीय, केन्द्र सरकार वृद्धजन कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : सावित्री ठाकुर


- केन्द्रीय राज्यमंत्री ने धार में डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम का किया लोकार्पण

धार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि धार के श्रद्धालय वृद्धाश्रम में किए जा रहे नवाचार सराहनीय हैं। केंद्र सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के माध्यम से वृद्धजनों के अधिकारों और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर गुरुवार को मध्य प्रदेश के धार जिले में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्थानीय श्रद्धालय वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे घर, परिवार और समाज की सामर्थ्य हैं। परिवार में संस्कार, अनुभव और आपसी जुड़ाव को बनाए रखने में वृद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आदर्श स्थिति तो यही है कि वृद्धजनों को वृद्धाश्रम में रहने की आवश्यकता ही न पड़े, लेकिन बदलती सामाजिक परिस्थितियों और छोटे परिवारों के कारण ऐसी परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं।

कार्यक्रम के बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ने वृद्धजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम एवं कार्यालय केंद्रित सूचना-संवाद सेवा सहित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक नीना वर्मा ने कहा कि श्रद्धालय वृद्धाश्रम का संचालन बहुत अच्छे ढंग से किया जा रहा है। वर्तमान समय में अनेक वृद्धजन एकाकी जीवन जीने के लिए बाध्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वृद्धजनों के लिए धार में भी बेहतर एवं स्तरीय सुविधाओं से युक्त स्थान उपलब्ध होना चाहिए, विशेषकर उन माता-पिता के लिए जिनके बच्चे विदेश अथवा अन्य स्थानों पर रहते हैं।

धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि वृद्धजन सक्रिय बने रहें और अपनी सामर्थ्य के अनुरूप कार्य करते रहें। साथ ही अपने स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन का स्वयं भी ध्यान रखें। जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके साथ निरंतर संवाद एवं संपर्क बना रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायाधीश प्रदीप सोनी ने कहा कि वृद्धजनों के कानूनी अधिकारों के संबंध में श्रद्धालय वृद्धाश्रम में नियमित रूप से जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना भी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा डे केयर सेंटर, ओपन जिम, सोलर लाइट सिस्टम तथा कार्यालय केंद्रित सूचना-संवाद सेवा सहित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं से वृद्धजनों को बेहतर वातावरण, स्वास्थ्य एवं मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही आवश्यक सूचना एवं संवाद सेवाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर सेवाभावी कर्मचारियों एवं वृद्धजनों का सम्मान किया गया। संस्था के संस्थापक डॉ. दीपेंद्र शर्मा ने श्रद्धालय वृद्धाश्रम की गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। आयोजन में बड़ी संख्या में युवा एवं वृद्धजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने वृद्धजनों के साथ भोजन भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story