मप्र के इंदौर में ड्रग्स तस्कर नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार, 1.19 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
इंदौर, 22 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के सामान से 1.4 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। डीआरआई के मुताबिक, जब्त ड्रग्स की अनुमानित अवैध बाजार कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये है।
डीआरआई ने मंगलवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर से बस के जरिए पुणे जाने वाली एक विदेशी महिला यात्री अपने सामान में मादक पदार्थ लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने विजय उद्योग नगर क्षेत्र में तीन इमली चौराहे के पास स्थित पर्पल बस ट्रैवल एजेंसी पर महिला को रोककर उसके गहरे नीले रंग के डफेल बैग की तलाशी ली। बैग में कई पॉलीथिन पैकेट मिले। इनमें सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ और अलग-अलग रंग की गोलियां थीं।
अधिकारियों ने फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट से पदार्थों की जांच की, तो इनमें एम्फेटामाइन, एमडीएम (एक्स्टेसी) और हाइड्रोपोनिक गांजा होने की पुष्टि हुई। जब्त मादक पदार्थों में 1,120 ग्राम एम्फेटामाइन पाउडर-क्रिस्टलीय रूप में, 296 ग्राम एम्फेटामाइन-एमडीएम की गोलियां, 10 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा शामिल हैं। कुल जब्त ड्रग्स की अनुमानित अवैध बाजार कीमत 1.19 करोड़ रुपये है।
डीआरआई ने नाइजीरियाई महिला को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। एजेंसी अब ड्रग्स की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और महिला के संपर्कों की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

