मप्र के इंदौर में 35 हजार से अधिक छात्रों, प्राध्यापकों ने सामूहिक योग कर बनाया विश्व रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के इंदौर में 35 हजार से अधिक छात्रों, प्राध्यापकों ने सामूहिक योग कर बनाया विश्व रिकॉर्ड


- मालवांचल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग महोत्सव में योग गुरू पद्मश्री डॉ. नागेंद्र के साथ मंत्रियों और छात्रों ने किया योगाभ्यास

इंदौर, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में नेमावर रोड़ स्थित मालवांचल यूनिवर्सिटी इंदौर में सोमवार को आयोजित सामूहिक योग महोत्सव में 35 हजार से अधिक छात्रों, प्राध्यापकों ने सामूहिक योग कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। कार्यक्रम में योगगुरु पद्मश्री डॉ. एचआर नागेन्द्र की उपस्थिति में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संस्था को योग का विश्व रिकॉर्ड बनने पर प्रमाण-पत्र भेंट किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आयुष मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत देशभर में आयोजित किए जा रहे योग महोत्सव एवं काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत हो गई है। इसी के तहत सोमवार को इंदौर की मालवांचल यूनिवर्सिटी सामूहिक योग महोत्सव का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के योगगुरू एवं एस. व्यासा यूनिवर्सिटी के कुलगुरू पद्मश्री डॉ. एचआर नागेन्द्र, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार, नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्थान के डायरेक्टर सुरेश सिंह भदोरिया, डॉ. मयंक भदोरिया, डॉ. दीप्ति सिंह हाड़ा सहित अमलतास तथा इंडेक्स समूह संस्थानों के छात्र, नागरिक और सामाजिक संगठन आदि शामिल हुए।

कार्यक्रम में मालवांचल एवं अमलतास यूनिवर्सिटी के 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सामूहिक योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ योगगुरू पद्मश्री डॉ. नागेन्द्र, मंत्रीगण इंदरसिंह परमार, कैलाश विजयवर्गीय व तुलसीराम सिलावट, संस्थान के डायरेक्टर सुरेश सिंह भदोरिया, डॉ. मयंक भदोरिया ने भी छात्रों के साथ सामूहिक योग किया।

इस मौके पर अपने संबोधन में योगगुरू पद्मश्री डॉ. नागेन्द्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योग के प्रति रूचि और आस्था के चलते योग आज पूरी दुनिया में फैल गया है। भारत में 30 करोड़ लोग आज से जुड़े हैं और यह संख्या दिनों-दिन बढ़ती ही जा रही है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का हृदय स्थल है और इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है। हमें पूरे मध्य प्रदेश के नागरिकों को योग से जोड़ना है और प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में योग पाठ्यक्रम को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में भी सांस्कृतिक जागरण हो गया। इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक बड़ा योग का कार्यक्रम कलकता में किया जाएगा। योग केवल आसन नहीं है बल्कि एक जीवन पद्धति है। योग करने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है और उसके सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन विश्व स्तर पर निरंतर विस्तार प्राप्त कर रहा है। आज यह दिवस 190 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है और लाखों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग है। योग हमें हर आयु में शारीरिक सक्रियता, मानसिक संतुलन और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान कर उनके बीमारियों से बचाव और लड़ने में मदद करता है।

कार्यक्रम में प्राचार्य रेशमा खुराना ने बताया कि आज का यह योग महोत्सव संस्थान के 11 जोन में एक साथ किया गया, जिसमें मालवांचल, अमलतास एवं इंडेक्स संस्थान के 35 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योग किया। कार्यक्रम में योगगुरु पद्मश्री डॉ. एचआर नागेन्द्र की उपस्थिति में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा मालवांचल यूनिवर्सिटी के प्रमुख भदोरिया को योग का विश्व रिकॉर्ड बनने पर प्रमाण-पत्र भेंट किया गया।

इस मौके पर संस्थान के प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम के पूर्व आयुष मंत्री परमार ने मालवांचल यूनिवर्सिटी के प्रमुखों के साथ चर्चा कर संस्थान का अवलोकन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story