सबके साथ के कारण स्वच्छता में सिरमौर रहता है इंदौर : कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर, 10 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छता में लगातार आठ साल से देश में अव्वल रहने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर शहर इस बार भी दिल्ली में 11 नवंबर को होने वाले पुरस्कार समारोह के लिए निमंत्रण मिला है। दिल्ली से आए निमंत्रण को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता को शहरवासियों का साथ मिलता है। इसी कारण इंदौर स्वच्छता के मामले में लगातार नंबर वन रहा है।
विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता मिशन की शुरुआत की थी और उनकी इस अवधारणा को इंदौर ने आत्मसात किया। मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा पर काम करती है। अब इंदौर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्र भी स्वच्छता के मामले में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे बुधवार को दिल्ली में होने वाले पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे।
दरअसल, इस बार इंदौर को स्वच्छता प्रीमियर लीग में शामिल किया गया है, लेकिन इस बार नगर निगम की देखरेख में स्वच्छता के मामले में आगे बढ़े देपालपुर को पुरस्कार मिलने की उम्मीद है। पिछले साल देपालपुर की रैंकिंग 1710वीं थी, लेकिन इस बार उसे टॉप थ्री में स्थान मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले साल स्वच्छता प्रीमियर लीग में शामिल शहरों के साथ अन्य शहरों की जोड़ियां भी बनाई गई थीं। इंदौर के साथ देपालपुर की जोड़ी थी। इस लीग में सात शहरों की जोड़ियां शामिल थीं, लेकिन इस बार इंदौर और देपालपुर दोनों को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
देपालपुर में भी अधिकारियों ने सफाई का इंदौरी मॉडल लागू किया। यहां वर्षों से जमा करीब 50 टन कचरे का निपटान किया गया और देपालपुर को कचरा पेटी मुक्त बनाया गया। इसके साथ ही लोगों को जागरूक कर घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को भी प्रभावी ढंग से लागू किया गया। इन्हीं प्रयासों के चलते देपालपुर ने स्वच्छता के मामले में उल्लेखनीय सुधार किया है।
नेशनल केटेगरी में उज्जैन को मिलेगा अवार्ड
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन का स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि के लिए पुरस्कार प्राप्त करने मंगलवार को महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी दिल्ली रवाना हुए। उज्जैन नगर निगम ने इस बार स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, कचरा प्रबंधन और नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। सफाई मित्रों की मेहनत, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण और शहरवासियों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
उन्होंने बताया कि इस बार एमआर-5 और गोंदिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पर वेस्ट मैनेजमेंट के लिए नए प्लांट लगाए गए। चप्पल-जूतों के कचरे के निस्तारण के लिए भी अलग प्लांट स्थापित किए गए हैं। ग्रीन वेस्ट के प्रबंधन के लिए पृथक प्लांट लगाया गया। महाकाल मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास बीटवार योजना बनाकर कचरे का निस्तारण किया गया। शहर में नागरिकों की भागीदारी से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए भी अभियान चलाया गया। निगम के अनुसार, इन प्रयासों से स्वच्छता व्यवस्था में सुधार हुआ और उज्जैन को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
दूसरे नंबर से पुरस्कार की दौड़ से बाहर हुआ भोपाल
बुधवार, 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी। सुपर स्वच्छ लीग में शामिल इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को न्योता मिल गया है, लेकिन भोपाल-बैरसिया को बुलावा नहीं मिला है। इससे माना जा रहा है कि भोपाल-बैरसिया इस बार स्वच्छ शहर जोड़ी का पुरस्कार हासिल नहीं कर पाएंगे, जबकि पिछली बार इस जोड़ी ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

