इंदौर में निभाई हिंगोट युद्ध की सदियों पुरानी परंपरा, जलती कीमची लेकर मैदान में उतरे योद्धा, 20 से अधिक घायल

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में निभाई हिंगोट युद्ध की सदियों पुरानी परंपरा, जलती कीमची लेकर मैदान में उतरे योद्धा, 20 से अधिक घायल


इंदौर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में दिवाली के अगले दिन मालवा की प्रसिद्ध और बरसों पुरानी परंपरा हिंगोट युद्ध का आयोजन किया गया। सोमवार को धोक पड़वा के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले में गौतमपुरा के तुर्रा दल और रूणजी के कलंगी दल के सैंकड़ो योद्धा आमने-सामने मैदान में उतरे।

परंपरा के अनुसार दोनों दलों के योद्धा हाथों में ढाल, कंधों पर हिंगोट से भरे झोले और जलती हुई बांस की कीमची लेकर मैदान में पहुंचे। हिंगोट युद्ध में सैकड़ों की संख्या में योद्धाओं ने भाग लिया। इस बार मुकाबले के दौरान 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

इसके बाद आयोजकों द्वारा हिंगोट युद्ध समाप्त होने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। युद्ध खत्म होने के बाद योद्धा अपनी ढाल लेकर घर लौटे। उनकी ढाल पर लिखा था- ‘हमसे व्यवहार बनाओगे तो अगला त्योहार मनाओगे। युद्ध से लौटे योद्धा ऋषि ने बताया कि दोनों दलों के बीच साल के 364 दिन दोस्ती रहती है, लेकिन एक दिन हिंगोट युद्ध होता है।

हिंगोट युद्ध में शामिल योद्धाओं ने बताया कि उन्हें इस खेल में डर नहीं लगता, बल्कि इसे खेलने में मजा आता है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि युद्ध के दौरान घायल होने वाले लोगों को किसी तरह का मुआवजा नहीं मिलता। उन्हें अपने इलाज का पूरा खर्च खुद उठाना पड़ता है।

एसडीओ संघ हित सम्राट ने बताया कि युद्ध के दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मैदान में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। सीसीटीवी कैमरों से पूरे युद्ध की निगरानी की गई। साथ ही घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी।

इंदौर के गौतमपुरा में हिंगोट युद्ध की परम्परा सदियों पुरानी है। इसे शौर्य और साहस का प्रतीक माना जाता है। परंपरा के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन शाम करीब 4 बजे तुर्रा और कलंगी दल अपने-अपने निशान लेकर देवनारायण मंदिर पहुंचते हैं। यहां दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों दल मैदान में आमने-सामने खड़े होते हैं। सबसे पहले गौतमपुरा के तुर्रा दल की ओर से रूणजी के कलंगी दल पर जलता हुआ हिंगोट फेंका जाता है। इसके बाद दोनों तरफ से एक-दूसरे पर अनवरत जलते हुए हिंगोट फेंकने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जिस दल के योद्धा दूसरी टीम के सबसे ज्यादा झोले नष्ट करते हैं, उसे विजेता माना जाता है।

क्षेत्रीय विधायक पहुंचे गौतमपुरा

क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल भी हिंगोट युद्ध देखने के लिए विशेष रूप से गौतमपुरा पहुंचे। विधायक मनोज पटेल ने कहा कि हिंगोट युद्ध वर्षों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा है। उन्होंने इस पारंपरिक खेल और आयोजन के सुचारू संचालन के लिए हिंगोट युद्ध के मैदान का विस्तार कराने हेतु वित्तीय सहायता देने का वादा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774625 Articles

Share this story