भाजपा संगठन को इतनी ताकत दें कि भारत को 2047 में विकसित राष्ट्र के रूप में देख सकें : नड्डा
- भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इंदौर पहुंचे, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
इंदौर/भोपाल, 22 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम सभी भाजपा कार्यकर्ता एक उद्देश्य, एक मकसद और एक विचारधारा के साथ समाज और देश को आगे बढ़ाने के कार्य में जुटे हैं। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के पार्टी संगठन को इतना सहयोग करें, इतनी ताकत दें कि वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में अपने आंखों से देख सकें।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा इंदौर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने आए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। नड्डा सोमवार की रात विमान से इंदौर पहुंचे थे। इंदौर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपनी मेहनत, ताकत और लगन से देश को विकसित राष्ट्र बनते देखना गर्व की बात
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि यहां पधारे पार्टी के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताकों का उत्साह यह बताता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यों को पूरा करने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं। आप सभी अपनी मेहनत, लगन और कार्यों से देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सहयोग कर रहे हैं। अपने कार्यों से देश को विकसित राष्ट्र बनते देखना बड़े गर्व की बात है। इसके लिए मैं आप सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन जहां मध्य प्रदेश में कमल को खिलाने में जुटा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी पूरी टीम मध्य प्रदेश को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जा रहे हैं। मेरा आप सभी से आह्वान है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता सरकार और संगठन को और मजबूती देने के लिए कार्य करें, ताकि हम सभी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनता हुआ अपनी आंखों से देख सकें।
नड्डा मंगलवार 23 को धार और बैतूल में मेडिकल कॉलेजों का करेंगे भूमिपूजन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंगलवार, 23 दिसंबर को 11.50 बजे धार एवं दोपहर 2.45 बजे बैतूल में मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे। पीपीपी मोड पर स्वीकृत मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास एवं भूमि पूजन के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

