भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के लिए इंदौर पहुंची दोनों टीमें, खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उमड़े फैंस

WhatsApp Channel Join Now
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के लिए इंदौर पहुंची दोनों टीमें, खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उमड़े फैंस


इंदौर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर शहर में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। होलकर स्टेडियम के बाहर दुकानों पर टीम इंडिया की जर्सी, टी-शर्ट और कैप सज गई हैं। दोनों टीमें शनिवार को इंदौर पहुंच गई हैं।

भारत- वेस्टइंडीज के बीच चल रही पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला का तीसरा मुकाबला रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है। इसके लिए शनिवार को दोपहर में दोनों टीमों के खिलाड़ी चार्टर्ड फ्लाइट से इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर एमपीसीए के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। खिलाड़ियों को करीब से निहारने के लिए एयरपोर्ट पर प्रशंसकों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय खिलाड़ियों ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। क्रिकेट प्रेमी खासकर वैभव सूर्यवंशी और शुभमन गिल को देखने आए थे।

एयरपोर्ट से खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा के बीच चार्टर्ड बसों से होटल ले जाया गया। भारतीय टीम रेडिसन और वेस्टइंडीज की टीम मैरियट होटल में ठहरी है। एयरपोर्ट से एक कार में गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर सीधे होलकर स्टेडियम गए, जबकि तिलक वर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, मयंक यादव सहित अन्य खिलाड़ी होटल पहुंचे।

होटल के बाहर भी प्रशंसकों की भीड़ अपने प्रिय खिलाड़ियों को देखने के लिए खड़ी थी। होटल कर्मचारियों ने तिलक लगाकर दोनों टीमों का स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ी अपने-अपने कमरों में चले गए।

इस बार भारतीय टीम में इंदौर का कोई खिलाड़ी नहीं है लेकिन इंदौर के अंपायर नितिन मेनन भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले में थर्ड अंपायर की भूमिका में स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। स्टेडियम के बाहर शनिवार को भारतीय टीम की टी-शर्ट और लोगो बिके। इसके अलावा, टिकट के लिए भी लोग स्टेडियम के आसपास चक्कर काटते नजर आए। वेबसाइट पर स्टेडियम के ज्यादातर टिकट बिक गए। अब ऑफलाइन टिकट के लिए मारामारी मची हुई है।

भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के अभ्यास को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बल्लेबाजों की नेट प्रैक्टिस के लिए मैदान के बाहर अमय खुरासिया एकेडमी में दो पिचें तैयार की गई हैं। इन्हें होलकर स्टेडियम की पिचों के समान परिस्थितियां देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, ताकि बल्लेबाजों को अभ्यास के दौरान मैच जैसी स्थिति मिल सके। इसके अलावा होलकर स्टेडियम के अंदर गेंदबाजों के अभ्यास के लिए भी दो अलग पिचें तैयार की गई हैं। जरूरत के अनुसार खिलाड़ी इनका उपयोग कर सकते हैं। दोनों टीमों के लिए कोई अनिवार्य आधिकारिक अभ्यास सत्र निर्धारित नहीं है। ऐसे में अभ्यास करने या नहीं करने का फैसला खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट अपनी सुविधा के अनुसार लेंगे।

रोमांच होगा मुकाबला

इंदौर में खेले गए अब के सभी मैच रोमांचक रहे हैं। होलकर स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। यहां कई मुकाबलों में बड़े स्कोर बने हैं। ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच में भी बल्लेबाजों के प्रदर्शन के साथ गेंदबाजों की रणनीति और दूसरी पारी की परिस्थितियां अहम रहेंगी। मैदान की तैयारी में घास और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मैदान पर विशेष प्रकार की घास लगाई गई है, जिसका उद्देश्य ओस के असर को कम करना है।

रात के टी-20 मुकाबलों में ओस गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है क्योंकि गीली गेंद को नियंत्रित करना मुश्किल होता है। हालांकि, घास के कारण ओस का असर कितना कम होगा, यह मैदान की वास्तविक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

भारत की टीम में ये 15 खिलाड़ी शामिल

भारत की घोषित टीम में संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, मयंक यादव, नमन धीर, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी के नाम शामिल हैं।

स्टेडियम की 30 हजार दर्शकों की क्षमता

होलकर स्टेडियम का नाम मराठा होलकर राजवंश के नाम पर रखा गया है। इसकी स्थापना 1990 में हुई थी। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के स्वामित्व और संचालन वाले इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 30 हजार बताई जाती है। फ्लडलाइट्स और जल निकासी की व्यवस्था इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के महत्वपूर्ण मैदानों में शामिल करती है।

यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा घरेलू क्रिकेट के कई मुकाबले आयोजित हो चुके हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2016 में यहां पहला टेस्ट मैच खेला गया था। इसके साथ ही होलकर स्टेडियम भारत का 22वां टेस्ट स्थल बना। वर्ष 2017 में यहां भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे और भारत-श्रीलंका के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले गए।

कई रिकॉर्ड का गवाह रहा मैदान

होलकर स्टेडियम में बड़े स्कोर का इतिहास रहा है। दिसंबर 2011 में वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबले में 219 रन की शानदार पारी खेली थी। उस समय यह वनडे क्रिकेट का दूसरा दोहरा शतक था। बाद में रोहित शर्मा ने 264 रन की पारी खेलकर वनडे क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story