(अपडेट) मप्र के ग्वालियर में स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मप्र के ग्वालियर में स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत


(अपडेट) मप्र के ग्वालियर में स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत


(अपडेट) मप्र के ग्वालियर में स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत


- मुख्यमंत्री ने हादसे पर व्यक्त किया दुख, मृतक के परिजन को चार-चार लाख की सहायता राशि स्वीकृत

भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार को थाटीपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजन के साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में मृत नागरिकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की है।

हादसा शुक्रवार को ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर उस समय हुआ, जब ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो नीम के पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड पर एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। उसके पीछे पुलिस लगी थी। भागते समय स्कॉर्पियो ने रास्ते में ऑटो को भी टक्कर मार दी।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। सभी मृतक एक ही शाक्य परिवार के हैं, जो मुरार के घास मंडी और थाटीपुर की सरकारी मल्टी में रहते थे। गुरुवार को शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन था। वे परिवार के साथ दोपहर 12 बजे करौली माता मंदिर, फिर स्थानीय वैष्णों देवी मंदिर गए। शाम को घर में बर्थडे मनाने के बाद रात 10 बजे शीतला माता के दर्शन करने चले गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया। हादसे में शुभम शाक्य (30), उनकी पतनी शगुन शाक्य (28), शुभम के ताऊ ईंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), शुभम की ताई लीला शाक्य (52) और शुभम की सास प्रीति कश्यप (60) की मौत हो गई।

ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि हादसे में दो बच्चे, एक महिला और ऑटो ड्राइवर राजेश कुमार घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। स्कॉर्पियो चालक अमन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाटीपुर थाने की पुलिस ने एमपी 21 जेड ई 5911 नंबर की स्कॉर्पियो जब्त कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।

आक्रोशित परिजन ने शवों को थाटीपुर चौराहे पर रखकर चक्का जाम कर दिया। सरकार से 20 लाख रुपये मुआवजा देने के साथ घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजन को मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।

मृत एवं गंभीर रूप से घायल के आश्रितों को 10-10 हज़ार रुपये की तात्कालिक सहायता

ग्वालियर में हुई दुःखद सड़क दुर्घटना में मृत पाँच लोगों के आश्रितों को जिला प्रशासन द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी से 10-10 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है, साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को भी 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तात्कालिक रूप से दी गई है।

घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुँचीं और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का बेहतर से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों से भेंट कर ढाढ़स बंधाया। साथ ही भरोसा दिलाया की मृतकों के आश्रितों को शासन की योजनाओं के तहत हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को मृतकों के बच्चों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासन के प्रावधानों के अनुसार अन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story