मप्र के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर हादसे में घायल एक और मरीज की मौत, मृतकों की संख्या 16 हुई

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर हादसे में घायल एक और मरीज की मौत, मृतकों की संख्या 16 हुई


ग्वालियर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो दिन पहले शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में घायल एक और मरीज की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

गत शनिवार-रविवार की दरमियानी रात (17 अक्टूबर) एक बेकाबू ट्रक शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ आया था, जिसकी चपेट में आने से 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 42 लोग घायल हुए थे। दुर्घटना में चोट लगने से घायल मोतीलाल प्रजापति (78 वर्ष) निवासी ग्राम सातऊ, गिर्द का मंगलवार को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

जिला प्रशासन के अनुसार मोतीलाल प्रजापति के परिजन उन्हें निजी लिंक अस्पताल में इलाज के लिए ले गए थे। मरीज को चोट लगने के कारण खून की नली में, खून का थक्का जमने (सुपरफिसिअल फ़ीमोरल थ्रोम्बोसिस) से निधन हो गया। मृतक को पूर्व में 2024 में हार्ट की बीमारी के कारण एक स्टेंट डल चुका था।

वहीं, शीतला माता मंदिर हादसे में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय कल्पना परिहार (द्वितीय मरीज), निवासी थाटीपुर, ग्वालियर को मंगलवार को एयर एंबुलेंस से एम्स भोपाल एयरलिफ्ट किया गया। उनके पैरों में फ्रैक्चर एवं पेट में गंभीर चोटें आई हैं। पूर्व में एक मरीज संजय शर्मा (36) निवासी करनाल साहब की ड्योढी ग्वालियर, जिन्हें हाथ एवं पैरों में गंभीर चोटें आई थी, को भी सोमवार की मध्यरात्रि भोपाल एम्स शिफ्ट किया गया।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से यह व्यवस्था की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में मरीज का स्वास्थ्य स्थिर होने पर बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764071 Articles

Share this story