मप्र के ग्वालियर में मध्य रात्रि को खुले 417 साल पुराने कार्तिकेय मंदिर के पट, कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के ग्वालियर में मध्य रात्रि को खुले 417 साल पुराने कार्तिकेय मंदिर के पट, कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़े श्रद्धालु


मप्र के ग्वालियर में मध्य रात्रि को खुले 417 साल पुराने कार्तिकेय मंदिर के पट, कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़े श्रद्धालु


- देश का एकमात्र मंदिर, जहां भगवान कार्तिकेय की छह मुखी प्रतिमा स्थापित है, दर्शन मात्र से पूरी होती है मुराद

ग्वालियर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जीवाजीगंज स्थित 417 साल पुराने ऐतिहासिक भगवान कार्तिकेय मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में आधी रात से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। मान्यता है कि साल में केवल एक बार खुलने वाले इस मंदिर में भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से हर मनोकामना पूरी होती है।

देश का यह एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां भगवान कार्तिकेय की छह मुखी प्रतिमा विराजित है। इसके कपाट साल में केवल एक बार कार्तिक पूर्णिमा पर खुलते हैं। ग्वालियर के ऐतिहासिक भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात ठीक 12 बजे खोल दिए गए। मंदिर के पट खुलने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान कार्तिकेय का विशेष अभिषेक किया गया और आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद पूरे साल में एक बार होने वाले दर्शनों के प्रतीक के रूप में मंदिर में 365 बत्तियों वाला विशेष दीपक प्रज्ज्वलित किया गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए, जो रात 12 बजे तक जारी रहेंगे।

मंदिर में साल भर श्रद्धालुओं को भगवान कार्तिकेय के दर्शन नहीं होते। केवल कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही मंदिर के पट खोले जाते हैं। यही वजह है कि इस दिन दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह रहता है। मंदिर के पट खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु लंबी-लंबी कतारों में लगकर भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मंदिर में सुंदरकांड का पाठ चल रहा है और भगवान को भोग लगाया जा चुका है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।

सात पीढ़ियों से पुजारी परिवार संभाल रहा सेवा

मंदिर के पुजारी दिनेश अमित शर्मा ने बताया कि उनका परिवार सात पीढ़ियों से भगवान कार्तिकेय की सेवा कर रहा है। भगवान कार्तिकेय का जन्म कार्तिकेय नक्षत्र में हुआ था, इसलिए कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आ रहे हैं।

क्या है मंदिर में साल में एक दिन दर्शन की मान्यता?

पौराणिक मान्यता के अनुसार, एक बार भगवान शिव और माता पार्वती ने अपने दोनों पुत्रों गणेश और कार्तिकेय के सामने शर्त रखी कि जो सबसे पहले तीनों लोकों की परिक्रमा करके लौटेगा, वही प्रथम पूज्य होगा। भगवान गणेश ने अपनी बुद्धि का परिचय देते हुए माता-पिता की परिक्रमा कर ली और प्रथम पूज्य बन गए। जब भगवान कार्तिकेय ब्रह्मांड की परिक्रमा करके लौटे तो गणेशजी को प्रथम पूज्य बनाए जाने से वे क्रोधित हो गए। मान्यता है कि उन्होंने एक गुफा में जाकर खुद को बंद कर लिया और श्राप दिया कि उनके दर्शन करने वाली स्त्री विधवा हो जाएगी और पुरुष को सात जन्मों तक नरक भोगना पड़ेगा।

इसके बाद भगवान शिव ने कार्तिकेय को समझाया और उन्हें वरदान दिया कि कार्तिक पूर्णिमा यानी उनके जन्मदिन पर दर्शन करना शुभ फलदायी होगा। इसी मान्यता के चलते ग्वालियर का यह मंदिर साल में केवल एक दिन कार्तिक पूर्णिमा पर खोला जाता है।

भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए ग्वालियर-चंबल अंचल के अलावा दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस विशेष अवसर पर संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन भी किया जा रहा है। साल में एक बार दर्शन की व्यवस्था और 417 साल पुरानी परंपरा ने इस मंदिर को देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का विशेष केंद्र बना दिया है। कार्तिक पूर्णिमा पर ग्वालियर का यह ऐतिहासिक मंदिर भक्ति, विश्वास और धार्मिक उत्साह का अनूठा संगम बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story