राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को विश्व सिकल सेल दिवस पर ओंकारेश्वर में होगा भव्य समारोह

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को विश्व सिकल सेल दिवस पर ओंकारेश्वर में होगा भव्य समारोह


भोपाल, 18 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में विश्व सिकल सेल दिवस पर शुक्रवार, 19 जून को मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित पवित्र तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अंकुश मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि सिकल सेल रोग उन्मूलन की दिशा में मध्य प्रदेश लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। जनजातीय बहुल क्षेत्रों में व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाकर अब तक 1 करोड़ 32 लाख 43 हजार 877 से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी है। इनमें 39 हजार 948 रोगियों और 2 लाख 42 हजार 648 कैरियर की पहचान की गई है। साथ ही 1 करोड़ 20 लाख 28 हजार 881 से अधिक सिकल सेल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और 3,700 सिकल मित्रों को समुदाय आधारित जागरूकता एवं सहयोग के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में नेशनल सिकल सेल पोर्टल के माध्यम से स्क्रीनिंग, ट्रैकिंग एवं सतत डिजिटल मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे रोगियों की नियमित निगरानी एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित हो रहा है। गर्भवती महिलाओं की सिकल सेल जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा तथा विशेष प्रबंधन संबंधी नवाचारों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सिकल सेल प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क दवाइयाँ, आवश्यक जांच एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के जनजातीय अंचलों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, चिकित्सकीय एवं प्रबंधकीय स्टाफ का निरंतर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक टीकाकरण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी (यूडीआईडी) कार्ड एवं पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। स्कूलों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में भी नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story