खिलाड़ी परिणामों की चिंता छोड़कर करें बेहतर प्रदर्शन : राज्यपाल पटेल
- राज्यपाल ने महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के फायनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया
भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि खिलाड़ियों को परिणामों की चिंता छोड़कर बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए। जीत- हार नहीं, खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन का ही लक्ष्य होना चाहिए।
राज्यपाल पटेल शनिवार शाम को भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के फायनल मुकाबले के पहले उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, नाथू बरखेड़ा भोपाल में किया गया था। इस अवसर पर राज्यपाल ने फायनल मुकाबले की दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से देश में खेल गतिविधियों के विकास को नई गति मिली है। खेल अधोसंरचना और सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जीत सफल प्रयासों का उत्सव होती है, वहीं हार कमजोरियों को दूर करने का उत्साह देती है। इसलिए परिणामों की चिंता किए बिना खेल भावना बनाए रखें। बेहतर प्रदर्शन करना ही प्रत्येक खिलाड़ी का लक्ष्य होना चाहिए। गिरकर उठना ही जीवन है, जिसकी तैयारी मुकाबलों में होती है।
राज्यपाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से मध्य प्रदेश को नई पहचान मिलेगी। महिला हॉकी को प्रोत्साहन और खेल संस्कृति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रथम नागरिक के रूप में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड और भारत की टीमों का अभिनंदन करता हूँ। सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ, हॉकी इंडिया तथा सहभागी देशों को बधाई दी। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं में लगे कर्मचारियों का योगदान सराहनीय है। स्वयं सेवकों और प्रायोजकों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने मध्य प्रदेश शासन, प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त किया। भोपाल के नागरिकों और वॉलंटियर्स को भी धन्यवाद दिया। राज्यपाल श्री पटेल ने भारत और चीन की टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुकाबला उत्कृष्ट खेल कौशल दिखाएगा। यह प्रतियोगिता प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का उदाहरण बनेगी।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने राज्यपाल का अभिनन्दन करते हुए बताया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए निरंतर बेहतर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय स्तर के भोपाल में खेल आयोजनों की शुरुआत है। इस अवसर पर खेल सचिव श्री विवेक पोरवाल पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ एवं हॉकी इंडिया के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
भारत ने चौथी बार जीती महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती, फाइनल में चीन को 3-1 से हराया
भोपाल के नाथे बरखेड़ा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार देर शाम खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने चीन को 3-1 से हराकर चौथी बार महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। भारत के लिए दीपिका ने दो, इशिका ने एक गोल किया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारत और साउथ कोरिया तीन-तीन बार चैंपियन बने थे। भारत ने 2016, 2023 और 2024 में यह ट्रॉफी जीती थी।
चीन ने बढ़त बनाई, फिर भारत ने पलट दिया मैच
फाइनल में चीन ने भारत के खिलाफ पहले गोल करके बढ़त बनाई। चेन युजुन ने 24 मिनट 55 सेकेंड में गोल दागकर चीन को 1-0 से आगे कर दिया। भारत को बराबरी के लिए तीसरे क्वार्टर तक इंतजार करना पड़ा। दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकेंड में गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। करीब सवा तीन मिनट बाद इशिका ने 41 मिनट 15 सेकेंड में गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। दीपिका ने 42 मिनट 25 सेकेंड में अपना दूसरा गोल किया और भारत की बढ़त 3-1 कर दी।
टूर्नामेंट में भारत एक भी मैच नहीं हारा
भारत ने लीग स्टेज में मलेशिया, साउथ कोरिया, थाईलैंड, चीन और जापान को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। सेमीफाइनल में दीपिका ने दो गोल किए थे। उनके अलावा मुमताज खान, नवनीत कौर, सुनेलिता टोप्पो और इशिका ने एक-एक गोल किया था। चीन ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

