मध्य प्रदेश को पीएम-केयर्स के तहत आधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश को पीएम-केयर्स के तहत आधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों की सौगात


- मप्र के स्वास्थ्य विभाग और केन्द्रीय स्वास्थ्य विभाग के बीच हुआ महत्वपूर्ण एमओयू

भोपाल, 29 जून (हि.स.)। नई दिल्ली में सोमवार को आयोजित ‘डिजिटल हेल्थ इनिशिएटिव्स लॉन्च कार्यक्रम’ में मध्य प्रदेश को पीएम-केयर्स के तहत आधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों की सौगात मिली है।

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आरोग्य सेतु 2.0 सहित कई नई डिजिटल स्वास्थ्य पहलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू हुआ है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बताया कि इस एमओयू के तहत आगामी तीन वर्षों में पीएम-केयर्स के माध्यम से प्रदेश को 13 एमआरआई मशीनें, 11 मैमोग्राफी मशीनें तथा 308 एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे प्रदेश में स्वास्थ्य एवं निदान (डायग्नोस्टिक) सेवाओं को उल्लेखनीय मजबूती मिलेगी तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम-केयर्स के माध्यम से उपलब्ध होने वाले अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरण प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देंगे तथा विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story