मप्र के मुरैना में ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मुरैना में ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत


मुरैना, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम को हेतमपुर स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग लगने की अफवाह के बाद उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से नीचे उतरे चार यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। मरने वालों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

बताया गया कि गाड़ी संख्या 19665 उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से रविवार शाम करीब शाम 4 बजे धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची थी, तभी उसमें आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। घबराए कुछ यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और पटरियों पर उतर गए। इसी दौरान तीन महिलाएं और एक बच्चा दूसरी ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद लोगों ने तुरंत रेलवे अधिकारियों व पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट पर रेल यातायात प्रभावित हो गया है। रेलवे और प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि अचानक किसी ने चेन खींच दी और चिल्लाने लगा कि आग लग गई है, आग लग गई है। इसके बाद लोग तुरंत ट्रेन से उतरने लगे। जब यात्री दूसरी तरफ पटरी पार कर रहे थे, तभी उधर से पातालकोट एक्सप्रेस आ रही थी। इसी दौरान कुछ लोग उसकी चपेट में आ गए और हादसा हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story