डॉ. मोहन भागवत आज कारंजा प्रवास पर, स्मृति भवन और बालासाहेब देवरस नेत्रालय का करेंगे लोकार्पण
भोपाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के प्रवास पर आ रहे हैं। वे यहां संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस और ज्येष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस की पैतृक भूमि कारंजा में स्मृति भवन और बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण करेंगे।
संघ कार्यालय महाकौशल प्रांत के अनुसार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस एवं ज्येष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस के पैतृक ग्राम कारंजा में आज नवनिर्मित स्मृति भवन एवं बालासाहेब देवरस नेत्रालय का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया है। नवनिर्मित परिसर का लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के करकमलों द्वारा दोपहर 2:30 बजे संपन्न होगा। नेत्रालय का संचालन माधव नेत्रालय द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर लोकार्पण के साथ एक सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालासाहेब एवं भाऊराव देवरस के सेवा, समर्पण और समाजहित के कार्यों की स्मृति को जीवंत रखते हुए क्षेत्र में सेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना है। इस सेवा प्रकल्प से लांजी-किरनापुर, आमगांव अंचल के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र में नेत्र चिकित्सा की महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
न्यास के सचिव सचिन अग्रवाल ने बताया कि डॉ. भागवत आज कारंजा पहुंचेंगे। शुभारंभ सुरभि गौशाला में गोपूजन से शुरू होगा। इसके बाद दत्तात्रेय मंदिर में पूजा होगी, फिर स्मृति न्यास और नेत्रालय का शुभारंभ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

