मध्य प्रदेश के धार में भोजशाला परिसर के पीछे निर्धारित स्थान पर ही हुई जुमे की नमाज
धार, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में शुक्रवार को हिंदू पक्ष ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, जबकि मुस्लिम समाज ने परिसर के पिछले हिस्से की दाहिनी ओर पूर्व निर्धारित स्थान खसरा नंबर 612 पर जुमे की नमाज अदा की। नमाज और पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
भोजशाला परिसर के पास नमाज के लिए स्थान को लेकर मुस्लिम पक्ष की अंतरिम याचिका पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई नहीं होने के बाद जिला प्रशासन ने खसरा नंबर 612 पर नमाज के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं। शुक्रवार को दोपहर एक से तीन बजे के बीच निर्धारित स्थल पर जुमे की नमाज अदा की गई। पिछले शुक्रवार की तुलना में इस बार नमाज के लिए अधिक संख्या में लोग पहुंचे।
प्रशासन की ओर से नमाज स्थल पर सुरक्षा, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पिछली बार बारिश के कारण मार्ग पर हुए कीचड़ को देखते हुए नगर पालिका ने रास्ते पर गिट्टी डालकर उसे समतल कराया था।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। नमाज स्थल और भोजशाला परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी गई। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर बिसलेरी मार्ग को बंद रखा गया और भोजशाला परिसर के आसपास आवाजाही नियंत्रित की गई। वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूर्व में चिन्हित अन्य स्थानों पर सहमति नहीं बन सकी थी। उन्होंने जिलेवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का भी आग्रह किया।
उच्चतम न्यायालय में सुनवाई टली
भोजशाला को लेकर लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद के बीच 15 मई 2026 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने भोजशाला को वाग्देवी का मंदिर माना था। इस आदेश को चुनौती देते हुए मुस्लिम पक्ष की ओर से उच्चतम न्यायालय में याचिकाएं दायर की गई हैं।
मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर चार याचिकाओं पर पांच अगस्त को न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ के समक्ष सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। फिलहाल अगली सुनवाई की तारीख की जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले में हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन, अधिवक्ता विनय जोशी सहित अन्य अधिवक्ता पक्ष रखेंगे। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री, आशीष गोयल, आशीष जनक, मोहित गर्ग और सुनील सारस्वत सहित अन्य को मामले में प्रतिवादी बनाया गया है।
हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के धार जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल यादव और नगर अध्यक्ष मनीष मकवाना ने बताया कि संगठन मामले की सुनवाई पर लगातार नजर बनाए हुए है।
भोजशाला से जुड़ा मामला लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है। आगामी सुनवाई में अंतरिम व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

