मप्र के देवास से गुजरात एटीएस ने जैश मॉड्यूल के संदिग्ध को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के देवास से गुजरात एटीएस ने जैश मॉड्यूल के संदिग्ध को किया गिरफ्तार


- पाकिस्तान हैंडलर्स के संपर्क में था संदिग्ध- एटीएस का दावा

देवास, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना (18) के रूप में हुई है।

गुजरात एटीएस का दावा है कि वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े उस मॉड्यूल का सदस्य है, जिसके खिलाफ गुजरात और मध्य प्रदेश में संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, गुजरात एटीएस की टीम शुक्रवार तड़के देवास पहुंची थी। यहां टीम ने नाहर दरवाजा क्षेत्र स्थित गफूर बस्ती में स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में बिलाल के घर पर करीब एक घंटे तक परिवार से पूछताछ की। इसके बाद देवास पुलिस ने युवक को अभिरक्षा में लिया और उसे गुजरात एटीएस को सौंप दिया।

देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने शुक्रवार को संदिग्ध युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गुजरात एटीएस एक संदिग्ध की तलाश में आई थी। नियमानुसार युवक को गुजरात एटीएस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच गुजरात एटीएस कर रही है।

एटीएस ने एक साथ पांच राज्यों में की कार्रवाई

गुजरात एटीएस के अनुसार, गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की विचारधारा का प्रचार कर रहे हैं और गुजरात में उसका नेटवर्क खड़ा करने की साजिश में जुटे हैं। तकनीकी और मानव खुफिया जांच के बाद पांच राज्यों/जिलों में एक साथ कार्रवाई की गई। गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, पाटन, नवसारी और मध्य प्रदेश के देवास से कुल आठ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। एटीएस ने दावा किया है कि आरोपियों ने दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद नाम से एक संगठन बनाया था और नए लोगों को जोड़ने के प्रयास कर रहे थे।

जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स अब्दुल्ला और मोहम्मद उमर से संपर्क के सबूत मिले हैं। आरोप है कि मॉड्यूल को करीब 3 लाख रुपये की फंडिंग मिली, जिससे एक पुरानी कार खरीदी गई। आरोपियों पर जैश के साहित्य का गुजराती में अनुवाद कर कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने का भी आरोप है।

एटीएस के अनुसार, छापेमारी में एक आरोपी के मोबाइल से 254 जिहादी दस्तावेज, ऑडियो-वीडियो, फोटो और जैश-ए-मोहम्मद का झंडा मिला। इसके अलावा मसूद अजहर की किताबें, उर्दू में लिखे पत्र और गुजराती में अनूदित जिहादी साहित्य भी बरामद किया गया है। इन सबूतों के आधार पर सभी 8 आरोपियों के खिलाफ यूएपीए की विभिन्न धाराओं और बीएनएस की धाराओं 61 व 148 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story