मप्र में देवउठनी एकादशी पर गन्ने के मंडप में हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह, महाकाल के दरबार में जलीं फुलझड़ियां

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में देवउठनी एकादशी पर गन्ने के मंडप में हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह, महाकाल के दरबार में जलीं फुलझड़ियां


उज्जैन, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी (प्रबोधिनी) एकादशी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर में गन्ने के मंडप में तुलसी-शालिग्राम विवाह हुआ। वहीं, उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के मंदिर में विशेष आयोजन किया गया। संध्या आरती के दौरान फुलझड़ियां जलाकर भगवान महाकाल का पूजन किया गया। मंदिर में पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा।

धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश, गृह आरंभ, यज्ञोपवीत और देव प्रतिष्ठा जैसे मांगलिक कार्यों का सिलसिला भी हो गया। हालांकि, इस बार गुरु की अतिचार गति के कारण विवाह के मुहूर्त कम हैं। एकादशी के दिन विवाह का मुहूर्त नहीं है, लेकिन परंपरा के अनुसार कई लोग इसे अबूझ मुहूर्त मानकर शुभ कार्य और संकल्प संपन्न कर रहे हैं।

परम्परा के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार शाम को गोधूलि बेला और प्रदोष काल में घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना भी की गई। राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में सुबह से लोगों ने जहां पर्व की तैयारियां की, तो वहीं देर शाम घर-घर में गन्नों के मंडप में वैदिक रीति से तुलसी व शालिग्राम का ब्याह रचाया गया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं। इस अवधि में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव के हाथों में रहता है। चार महीने बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही सृष्टि का प्रभार फिर उनके हाथों में आ जाता है। चातुर्मास के दौरान साधु-संत, संन्यासी और उपासक साधना-उपासना के साथ कल्पवास करते हैं। इस अवधि को आध्यात्मिक उन्नति और धार्मिक नियमों के पालन के लिए विशेष माना जाता है।

देवउठनी एकादशी पर महिलाएं सुबह से ही पूजा की तैयारी में जुट गई थीं। घरों के सामने रंगोली सजाई गई। रात में आटे से चौक बनाकर गन्नों और केले का मंडप तैयार किया गया। इसमें भगवान शालिग्राम व तुलसी को स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक रीति से पूजा के बाद परिजनों और पड़ोसियों को प्रसाद के रुप में गन्ना, सिंघाड़ा, फल व मिठाइयां बांटी गईं।

बाजार भी सुबह से सज गए थे। इस दौरान गन्ना की खूब बिक्री हुई। गली-गली में गन्नों की दुकानें सजी हुई थीं। राजधानी भोपाल में गन्ने की आवक अधिक नहीं होने के कारण लोगों को अधिक कीमत में गन्ना खरीदना पड़ा। एक नग गन्ना 10 से 50 रुपये तक में बिका। छोटी दीपावली के रुप में मनाई जाने वाली देवउठनी एकादशी की शाम देवताओं व गन्ने की पूजा-अर्चना के बाद बच्चों ने आतिशबाजी की। छोटे बच्चों ने जहां फूलझड़ी, अनार, लाइट जलाया। वहीं युवाओं ने बम पटाखे फोड़े। राजधानी भोपाल समेत बड़े शहरों में देर रात आतिशबाजी होती रही।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु राजा बलि का आतिथ्य स्वीकार करने के लिए पाताल लोक गए थे। देवउठनी एकादशी पर वे वहां से लौटकर फिर सृष्टि के संचालन का दायित्व संभालते हैं। इसी मान्यता के कारण सनातन धर्म में इस दिन का विशेष महत्व है।

देवउठनी एकादशी से विवाह, यज्ञोपवीत, मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, गृह आरंभ और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्यों के मुहूर्त शुरू हो जाते हैं। हालांकि, इस बार गुरु की अतिचार गति के कारण विवाह के मुहूर्त सीमित हैं। कुछ पंचांगों में गुरु के सिंह राशि में परिभ्रमण को देखते हुए शुरुआती मुहूर्त शामिल नहीं किए गए हैं, जबकि कुछ पंचांगों में उन्हें स्थान दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780673 Articles

Share this story