मप्र के दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे किया जाम

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे किया जाम


मप्र के दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे किया जाम


मप्र के दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे किया जाम


मप्र के दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे किया जाम


मप्र के दतिया से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे किया जाम


- सड़क पर लेटीं महिलाएं, हजारों वाहन फंसे, जिला अध्यक्ष-पार्षदों ने दिया इस्तीफा

भोपाल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया। शुक्रवार को पार्टी ने आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस घोषणा के होते ही शाम को दतिया में हंगामेदार स्थिति पैदा हो गई। नरोत्तम मिश्रा के समर्थक और व्यापारी सड़क पर उतर आए। इसके साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह समेत पार्षदों ने इस्तीफा सौंप दिया है।

टिकट कटने के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा समर्थक काफी संख्या में हाईवे स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर जमा हो गए। उन्होंने हाईवे पर बैठकर धरना दिया। उन्होंने झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। हजारों गाड़ियां जाम में फंस गई हैं। लोग भूख-प्यास से परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों ने दुकानें बंद कर भोपाल में भी विरोध करने की चेतावनी दी। महिलाएं सड़क पर लेट गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए, साथ ही आशुतोष के खिलाफ नारेबाजी की।

दरअसल, दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद से नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारियों में जुट गए थे। सभाएं करके अपनी पुरानी गलतियों पर माफी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था, लेकिन भाजपा ने शुक्रवार को उनका टिकट काटकर मप्र हाउसिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित कर दिया, जिसके बाद शुक्रवार शाम को दतिया में भाजपा का घमासान सड़कों पर आ गया।

डॉ नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के विरोध के स्वर तेज हो गए। डॉ मिश्रा को पार्टी का टिकट न दिए जाने से नाराज उनके समर्थकों ने जिला कार्यालय पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के खिलाफ नारेबाजी कर उन पर तमाम आरोप तक जड़ डाले। नाराज कार्यकर्ता इतने पर भी नहीं माने और वह दतिया का बाजार बंद करने निकल पड़े, जिसके बाद टाउनहॉल, बड़ा बाजार व किला चौक पर दुकानें बंद हो गई।

दतिया बाजार में दुकानें बंद कराने को लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। पुलिस व्यापारियों से समन्वय बनाकर बाजार बंद नहीं करने और दुकानें खुली रखने की अपील कर रही थी। इसी दौरान भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक कहासुनी होती रही, जिसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद विरोध अब डबरा तक पहुंच गया है। समर्थकों ने हरिपुर तिराहे पर हाईवे जाम कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और कार्यकर्ताओं को समझाया कि मामला दतिया जिले से जुड़ा है, इसलिए वे अपना विरोध वहीं दर्ज कराएं। इसके बाद समर्थक दतिया के लिए रवाना हो गए। उन्होंने भाजपा कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर टिकट के फैसले पर नाराजगी जताई और निर्णय वापस लेने की मांग की।

पार्टी नेतृत्व के इस फैसले के विरोध में भाजपा के नगर मंत्री और जिला कोषाध्यक्ष ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने टिकट वितरण के फैसले पर असहमति जताते हुए संगठन से नाराजगी व्यक्त की। विरोध के दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मौके पर ही अपने इस्तीफों पर हस्ताक्षर किए। इस्तीफे की प्रतियां पार्टी नेतृत्व को भेजने की बात भी कही गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने वरिष्ठ नेता की उपेक्षा की है, जिससे संगठन में भारी नाराजगी है।

इधर, नरोत्तम मिश्रा के समर्थक करीब चार घंटे से ग्वालियर-झांसी हाईवे पर धरने पर बैठे हैं। एडिशनल एसपी स्वयं प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने की कोशिश में जुटी है। जाम की स्थिति को देखते हुए दतिया पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, झांसी की ओर से आने वाले वाहनों को चिरौला स्थित बाईपास से निकाला जा रहा है, जबकि ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहनों को गोराघाट मार्ग से डायवर्ट किया गया है। पुलिस लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील कर रही है।

दतिया में जाम में फंसे रायपुर से दिल्ली जा रहे ट्रक ड्राइवर सत्यवीर गुर्जर ने बताया कि वे पिछले ढाई घंटे से ट्रैफिक जाम में फंसे हुए हैं। हाईवे पर इतनी देर तक फंसे रहने के कारण खाने-पीने की भारी परेशानी हो रही है। वे जाम खुलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल इसके जल्द खुलने की कोई उम्मीद नहीं है।

डबरा में जाम में फंसे ट्रक चालक सावेर ने बताया कि वह दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे हैं। पिछले काफी समय से हाईवे पर जाम में फंसे हैं। उनका कहना है कि फिलहाल जाम खुलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। करीब 5 से 7 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी है। भूख-प्यास से सभी परेशान हैं। प्रदर्शनकारी जाम नहीं खुलने दे रहे हैं।

दतिया के एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि जिले में छह से अधिक स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं, जिनमें करीब 150 लोग शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है, जो जल्द ही जिले में पहुंच सकता है। प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत और समन्वय बनाकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर गुना जिले की चांचौड़ा की पूर्व विधायक ममता मीना ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने वीडियो जारी कर इसे एक बड़े नेता की 'राजनीतिक हत्या' बताया। ममता मीना ने कहा कि जिस तरह वसुंधरा राजे, उमा भारती और यशोधरा राजे को किनारे किया गया, उसी तरह नरोत्तम मिश्रा के साथ भी हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अगर यही स्थिति रही, तो आने वाले समय में भाजपा दो हिस्सों में बंट सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story