मप्र: दतिया विस उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी, 291 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को मतदान
नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार, 30 जुलाई को 291 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होगा। जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार सुबह मतदान सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दतिया के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से ईवीएम, मतदान सामग्री और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। सबसे पहले बसई सेक्टर के मतदान दलों को रवाना किया गया और अगले करीब डेढ़ घंटे में सभी 291 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां भेज दी गईं।
उपचुनाव में 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना तीन अगस्त को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों और संबंधित गांवों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान पहले ही तैनात किए जा चुके हैं।
2.20 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 16 हजार 116 पुरूष, एक लाख 4 हजार 284 महिला एवं अन्य 10 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दतिया में 291 मतदान केन्द्रों में से 185 ग्रामीण मतदान केन्द्र एवं 106 शहरी मतदान केन्द्र शामिल हैं। इनमें 233 क्रिटिकल तथा 28 वल्नरेबल मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र को 36 सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक के लिए सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन के दौरान दतिया में एक पिंक मतदान केन्द्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कक्ष क्रमांक 2 में एवं एक आदर्श मतदान केन्द्र नवीन खनिज कार्यालय दतिया में स्थापित किया गया है। इसी प्रकार दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप एवं व्हीलचेयर व्यवस्था युक्त मतदान केन्द्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के कक्ष क्रमांक 3 में बनाया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान 1280 मतदान कर्मी एवं 215 माईक्रो आब्जर्बर निष्पक्ष मतदान कराने में तैनात रहेंगे। दतिया के बॉर्डर पर 12 अंतरराज्यीय नाके स्थापित गए हैं। प्रत्येक आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। मतदान के दौरान या मतदान से पूर्व किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित है, जिसमें 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। कंट्रोल रूम का नम्बर 8305199022 रखा गया है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाएगा। सभी मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में स्वतंत्र रूप से मतदान करें।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंड़ेलवाल ने बताया कि दतिया जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। निर्वाचन के दौरान सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ पुलिस बल, एसएएफ जवान, डीईएफ जवान, होमगार्ड जवान निर्वाचन के दौरान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदान से पहले हर गांव में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, ताकि मतदाताओं में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बने। इससे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके। फ्लैग मार्च का उद्देश्य असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना भी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

