महंगाई कम करके रोजगार बढ़ाना जरूरी, किसानों को मिले फसल का उचित दाम: प्रवीण तोगड़िया

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई कम करके रोजगार बढ़ाना जरूरी, किसानों को मिले फसल का उचित दाम: प्रवीण तोगड़िया


- दो दिवसीय प्रवास पर सतना पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष

सतना, 29 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि देश में महंगाई पर अंकुश लगाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

तोगड़िया ने यह बात रविवार को मध्य प्रदेश के सतना में मीडिया से बातचीत करते हुए कही। वे संगठन से जुड़े कार्यक्रम और बैठकों में हिस्सा लेने के लिए शनिवार की रात दो दिवसीय दौरे पर सतना पहुंचे थे। रविवार सुबह धवारी चौराहे पर समर्थकों और संगठन के पदाधिकारियों ने आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाना और नक्सलवाद पर काफी हद तक काबू पाना सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। अब आर्थिक और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी ठोस काम होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन विषयों पर भी जरूरी कदम उठाएगी।

महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही परिषद

तोगड़िया ने बताया कि परिषद की राष्ट्रीय महिला इकाई 'ओजस्विनी' के माध्यम से देशभर में महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार या शनिवार की शाम हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के आयोजन भी किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद महिलाओं को छेड़छाड़ या हमले जैसी परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा करने के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण में बिना किसी हथियार के अपने शरीर की क्षमता का इस्तेमाल कर बचाव करने के तरीके सिखाए जाते हैं। स्कूलों, कॉलेजों और हनुमान चालीसा के आयोजनों के माध्यम से इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

हिंदुत्व का अस्तित्व राजनीति से पहले का

हिंदुत्व को चुनावी राजनीति से जोड़कर देखे जाने के सवाल पर तोगड़िया ने कहा कि हिंदुत्व का इतिहास राजनीति और चुनाव से कहीं पुराना है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और हिंदू संगठनों के अस्तित्व में आने से पहले भी हिंदू समाज मौजूद था। मुगल शासन के दौर में भी हिंदू समाज कायम रहा। इसलिए राजनीतिक गतिविधियों से हिंदुत्व के मूल स्वरूप पर कोई असर नहीं पड़ता।

हिंदू एकता के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को आपसी सद्भाव और स्नेह के साथ एकजुट रहना चाहिए। सभी के कल्याण को ध्यान में रखते हुए सामाजिक व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है।

सनातन पर टिप्पणी करने वालों को लेकर दिया बयान

दलित पिछड़ा समाज संगठन के प्रमुख दामोदर यादव की सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों को लेकर पूछे गए सवाल पर तोगड़िया ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ऐसे बयान देने वालों की तुलना कौओं से करते हुए कहा कि कुछ लोग लगातार बोलते रहते हैं।

भाजपा की मौजूदा कार्यशैली पर प्रतिक्रिया देने से उन्होंने परहेज किया। तोगड़िया ने कहा कि वे किसी का मूल्यांकन नहीं करते। उनका मानना है कि हिंदू समाज के लिए थोड़ा-सा भी काम करने वाले व्यक्ति, संगठन या समुदाय के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए। ऐसे लोगों से प्रतिस्पर्धा या ईर्ष्या करने के बजाय जरूरत पड़ने पर सहयोग करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story