मप्र के दतिया के पीतांबरा पीठ पहुंचे योगी आदित्यनाथ, मां बगलामुखी के किए दर्शन
दतिया, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अल्प प्रवास पर मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध श्री पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री झांसी के लिए रवाना हुए, जहां वे लगभग 1500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:15 बजे विशेष विमान से दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। यहां मप्र के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे पीतांबरा पीठ पहुंचा। मुख्यमंत्री योगी ने सबसे पहले मां बगलामुखी देवी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे परिसर में स्थित महाभारतकालीन प्राचीन वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें मां की चुनरी और प्रसाद भेंट किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे विशेष इंतजाममुख्यमंत्री आदित्यनाथ के आगमन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वीआईपी मूवमेंट के चलते मंदिर परिसर को करीब डेढ़ घंटे तक आम श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह बंद रखा गया। इस दौरान न केवल दर्शनार्थियों बल्कि कई पंडा-पुजारियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई थी। मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार पुनः खोल दिए गए और दर्शन व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रही। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक पीतांबरा पीठ परिसर में रहे। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी किए दर्शनमुख्यमंत्री के दौरे से पूर्व उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शनिवार सुबह दतिया पहुंचे और मां पीतांबरा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भी प्रदेश और देश की समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
झांसी में विकास कार्यों की देंगे सौगातदतिया प्रवास के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से झांसी रवाना हुए। वहां उनका करीब 20 घंटे का प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वे विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेंगे तथा लगभग 1500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दतिया और झांसी दोनों जिलों में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सजग रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

