मप्रः उज्जैन में सिंहस्थ के लिए सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री और उनकी बहन के घर

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः उज्जैन में सिंहस्थ के लिए सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री और उनकी बहन के घर


मप्रः उज्जैन में सिंहस्थ के लिए सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री और उनकी बहन के घर


भोपाल, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महाकुम्भ 2028 की तैयारी के सिलसिले में बड़े पैमाने पर सड़कों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। अब इस काम की जद में राज्य के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और उनकी बड़ी बहन व निगम सभापति कलावती यादव का पैतृक मकान का भी आ गया है।

गुरुवार को उज्जैन नगर निगम की टीम ने इन मकानों की नपती कर लाल निशान लगा दिए हैं। मुख्यमंत्री के परिजन का कहना है कि शहर के विकास के लिए वे मकानों के प्रभावित हिस्से को तोड़ने के लिए तैयार हैं।

दरअसल, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन की प्रमुख सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। इसमे इंदौर रोड सहित कई स्थानों पर पुल के निर्माण किए जा रहे हैं, वहीं शहर के भीतर करीब 62 प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा शहर के सिलारखेड़ी-सेवरखेड़ी डैम और खान डायवर्सन सहित कई बड़े प्रोजेक्ट भी सिंहस्थ की तैयारियों का हिस्सा हैं। इसी के तहत शिप्रा नदी के दोनों किनारों पर करीब 29 किमी लंबे घाट भी विकसित किए जा रहे है।

इसके साथ ही उज्जैन में कई मंदिरों व मस्जिदों सहित कई धर्म स्थलों के कुछ हिस्सों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है, इसमे कंठाल, तेलीवाड़ा, सर्राफा, पाटनी बाजार जैसे कुछ इलाकों में सड़कों का चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। इसके बाद अब उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक जाने वाली 730 मीटर लंबी रोड को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस सड़क के चौड़ीकरण की जद में 272 इमारतें आ रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक मकान और उनकी बड़ी बहन नगर निगम सभापति कलावती यादव का घर भी शामिल है।

1974 में बना था मकान, मुख्यमंत्री मोहन यादव का बचपन बीता

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दादा रामचंद्र यादव ने 1974 में यह मकान बनवाया था और इस मकान में ही उनके दोनों बेटे पूनमचंद्र यादव और शंकरलाल यादव सहित सभी परिजनों का बचपन बीता। पूनमचंद्र यादव के पांच बच्चे हैं। इनमें नंदलाल यादव, नारायण यादव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बेटी ग्यारसी बाई और उज्जैन की नगर निगम सभापति कलावती यादव शामिल हैं। फिलहाल, इस मकान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के चाचा शंकरलाल यादव का परिवार रहता है। सड़क चौड़ीकरण में इस मकान के साथ कलावती यादव के मकान का भी करीब 15 फीट हिस्सा आ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की बहन और निगम सभापति कलावती यादव का कहना है कि वे शहर के विकास के लिए अपने मकान के प्रभावित हिस्से को तोड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क चौड़ीकरण में हमारा पैतृक मकान भी आ रहा है। इस इलाके में रहने वाले सभी लोग हमारे परिवार जैसे हैं। किसी के साथ भाजपा-कांग्रेस, हिंदू-मुस्लिम के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। जिन नागरिकों के मकान प्रभावित हो रहे हैं, उनकी समस्याओं को अधिकारियों से चर्चा कर दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।

स्वेच्छा से मकान दे रहे मुख्यमंत्रीः विधायक अनिल जैन

सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री का पैतृक मकान आने को लेकर भाजपा विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिवार ने स्वेच्छा से मकान देने की बात कही है। सिंहस्थ और बढ़ते यातायात को देखते हुए शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण जरूरी है। वहीं, भाजपा नगर महामंत्री जगदीश पांचाल ने कहा कि चौड़ीकरण की जद में हमारा मकान भी आ रहा है। हमें इससे कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि उज्जैन के लोगों में यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अतिथि देवो भव की भावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story