मप्र के मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदौर में करेंगे सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ, देश-विदेश के निवेशक होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदौर में करेंगे सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ, देश-विदेश के निवेशक होंगे शामिल


- सेमीकंडक्टर हब के रूप में मप्र का विजन करेंगे प्रस्तुत, निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर निवेश संभावनाओं पर करेंगे चर्चा

भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 23, अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ करेंगे। इस दो दिवसीय समिट में देश-विदेश की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव समिट में ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्य प्रदेश का विजन’ प्रस्तुत करेंगे। वे समिट में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े निवेशकों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों में प्रदेश में निवेश, तकनीकी सहयोग और सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विभिन्न आयामों पर होगी चर्चा

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कुशल मानव संसाधन विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। दो दिवसीय आयोजन में 8 पैनल चर्चाएँ, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान होंगे। इसके साथ ही 50 से अधिक कंपनियाँ प्रदर्शनी में अपनी तकनीकी क्षमताओं, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने बताया कि समिट के पहले दिन उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग हब के रूप में मध्यप्रदेश का विकास, फैबलेस इको सिस्टम का निर्माण तथा सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएँ होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस उत्पाद एवं बौद्धिक संपदा से जुड़ी कंपनियों तथा प्रमुख शिक्षण संस्थानों के निदेशकों एवं कुलपतियों के साथ राउंडटेबल बैठकें भी आयोजित की जाएँगी। इन बैठकों में उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

समिट के दूसरे दिन चिप प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइन सेवाओं, अनुसंधान एवं विकास तथा प्रतिभा संवर्धन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। फोटोनिक्स एवं क्वांटम प्रौद्योगिकी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) से संबंधित बैठकें भी आयोजित की जाएँगी। ‘मध्य प्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता’ के अंतिम चरण में चयनित विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, समिट के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में 50 से अधिक कंपनियाँ चिप डिजाइन, पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, उपकरण, सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों को कंपनियों के साथ संवाद करने तथा संभावित व्यावसायिक सहयोग के अवसर तलाशने का मंच प्रदान करेगी।

राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025’ को स्वीकृति दी है। नीति के माध्यम से प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना, निवेश और तकनीकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story