(अपडेट) इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा : मोहन यादव ने दिलाई संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा : मोहन यादव ने दिलाई संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा की शपथ


इंदौर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित लोगों को संविधान, विधि के शासन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करने की शपथ दिलायी। इसमें कहा गया कि जनादेश का अपमान करने और देश में अराजकता फैलाने वाली साजिशों का विरोध किया जाएगा। युवा पीढ़ी को भ्रम और भटकाव से बचाकर सही दिशा देने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विप्लब देव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता यात्रा में शामिल हुए।

इंदौर शहर के सुभाष नगर चौराहे से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे पर समाप्त हुई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ साधु-संत और किन्नर समाज के लोग भी पहुंचे। कार्यक्रम में जहां भाजपा नेताओं ने संविधान, लोकतंत्र और जनादेश की रक्षा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के दौरान ‘लोकतंत्र बचाएंगे, अराजकता हटाएंगे’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए गए। भाजपा ने इस आयोजन को लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों के समर्थन में जनभागीदारी का प्रदर्शन बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने कहा, अराजकता के विरोध में इंदौर में उमड़ा विराट जनसमूह पूरे देश को यह संदेश दे रहा है कि लोकतंत्र में अराजकता और अव्यवस्था के लिए कोई स्थान नहीं है। इंदौर का जनसैलाब लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनमानस की प्रतिबद्धता और जागरूकता का सशक्त प्रमाण है। कांग्रेस द्वारा अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए लगातार भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन देश और प्रदेश की जागरूक जनता अब ऐसी भ्रामक राजनीति और अराजकता फैलाने वाली प्रवृत्तियों को भली-भांति समझ चुकी है।

उन्होंने कहा, लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, किंतु उसकी आड़ में जनजीवन बाधित करना और सामाजिक व्यवस्था को प्रभावित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

विप्लब देव की घुसपैठियों को चेतावनी

इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रभारी विप्लब देव ने अपने संबोधन में घुसपैठियों और अवैध रूप से रह रहे लोगों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब तक भारतीयों की रगों में इस देश का खून दौड़ रहा है, तब तक देश में घुसपैठियों को एक इंच जगह नहीं दी जाएगी। देव ने कहा कि इस मिट्टी का अन्न खाने वाला देश का हर युवा राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ खड़ा है। उनके संबोधन में राष्ट्रीय सुरक्षा, देश की संप्रभुता और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का संदेश प्रमुख रहा।

मांडविया का कांग्रेस पर निशाना

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जनादेश का अपमान करने तथा देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह माचिस की तीली लगाने पर रॉकेट ऊपर जाता है, उसी तरह कांग्रेस भी अपने नेताओं को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश करती है।

उन्होंने कहा कि कई वर्षों से नेताओं को आगे बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल रही है। मांडविया ने दावा किया कि देशभर में आयोजित रैलियों के माध्यम से जनता अराजकता फैलाने वाली ताकतों को जवाब दे रही है। उन्होंने इंदौर में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर शहरवासियों का अभिनंदन किया और कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संविधान और लोकतंत्र के समर्थन में खड़ी है।

विजयवर्गीय बोले, लोकतंत्र के नाम पर अराजकता स्वीकार नहीं

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पदयात्रा में शामिल युवाओं को लोकतंत्र, विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के समर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने दावा किया कि यह आयोजन देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के लिए करारा जवाब है। विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि कुछ आंदोलनों के दौरान बिरयानी, पिज्जा और अन्य खाद्य सामग्री बांटी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन गतिविधियों के लिए धन कहां से आता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती है तो उसका स्वागत है, लेकिन हिंसा और अराजकता का विरोध किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story