अमित शाह से मिले मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव, कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह से मिले मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव, कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी


भोपाल, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह को मध्य प्रदेश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, नए प्रयासों और उपलब्धियों की भी जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की ताजा स्थिति पर भी केंद्रीय मंत्री शाह से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मध्य प्रदेश की विकास यात्रा को और गति देने के लिए सहयोग की अपेक्षा के साथ मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का संकल्प प्रदेश के विकास की गाथा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक के जीवन में समृद्धि एवं खुशहाली लाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story