(लीड) निवेश से रोजगार तक, उद्योगों को हर कदम पर मिलेगा सहयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) निवेश से रोजगार तक, उद्योगों को हर कदम पर मिलेगा सहयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


(लीड) निवेश से रोजगार तक, उद्योगों को हर कदम पर मिलेगा सहयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


(लीड) निवेश से रोजगार तक, उद्योगों को हर कदम पर मिलेगा सहयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


(लीड) निवेश से रोजगार तक, उद्योगों को हर कदम पर मिलेगा सहयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मध्य प्रदेश को मुम्बई रोड शो में प्राप्त हुए लगभग 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियां, पारदर्शी प्रक्रियाएं और औद्योगिक सुविधाएं प्रदेश को निवेश के लिए फेवरेट डेस्टिनेशन बनाती हैं। प्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, औद्योगिक भूमि, अधोसंरचनात्मक और कुशल कार्यबल निवेशकों को महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को मुंबई में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद’ कार्यक्रम में विभिन्न सेक्टर्स के निवेशकों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने निवेश योजनाओं और औद्योगिक विस्तार पर चर्चा करते हुए प्रतिनिधियों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट : 2027 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मुम्बई रोड शो में विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ दिनभर हुई बैठकों में मध्यप्रदेश को लगभग 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

जेएसडब्ल्यू समूह ने सीमेंट, पेंट और अन्य व्यवसायों के विस्तार में दिखाई रुचि

मुख्यमंत्री से जेएसडब्ल्यू समूह के पार्थ जिंदल ने प्रदेश में समूह की मौजूदा औद्योगिक उपस्थिति और विस्तार योजनाओं पर चर्चा की। समूह की गतिविधियों में ग्वालियर में पेंट, धार में इस्पात, पन्ना में चूना पत्थर खनन तथा दमोह के गैसाबाद और हटा में सीमेंट से जुड़े कार्य शामिल हैं। बैठक में सीमेंट, पेंट और अन्य व्यवसायों के विस्तार, प्रगतिरत परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन तथा भविष्य के रणनीतिक निवेश अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ। समूह ने परियोजनाओं को गति देने के लिए राज्य सरकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

अक्षय ऊर्जा और भंडारण में अवादा का 22,156 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव

अवादा समूह के अध्यक्ष प्रशांत चौबे ने मुख्यमंत्री से सौर, पवन, नियमित उपलब्धता वाली नवकरणीय ऊर्जा और बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं पर चर्चा की। समूह वर्ष 2013-14 से मध्यप्रदेश में कार्यरत है। नीमच में 151 मेगावाट और आगर सोलर पार्क में 280 मेगावाट की सौर परियोजनाएं इसकी मौजूदा उपस्थिति का हिस्सा हैं। समूह ने कुल 2,362 मेगावॉट क्षमता की परियोजनाओं के लिए 22,156 करोड़ रूपयेका प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसमें पचोरा में 6,616 करोड़ रूपये, ईशानगर में 3,250 करोड़ रूपये और नीमच में 12,290 करोड़ रूपये का निवेश शामिल है।

पीथमपुर में एनक्यूब एथिकल्स का 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से एनक्यूब एथिकल्स प्रायवेट लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री मेहुल मधुसूदन शाह ने फार्मास्यूटिकल विनिर्माण के विस्तार पर चर्चा की। कंपनी की मध्यप्रदेश में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, पीथमपुर में इकाई है। कंपनी ने 2 फार्मा परियोजनाओं के लिए 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्ताव दिया, जिनसे 800 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

हिंदुस्तान यूनिलीवर का 800 रूपये से 1,000 करोड़ रुपये का विस्तार प्रस्ताव

हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक, सप्लाई चेन, दक्षिण एशिया, योगेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से छिंदवाड़ा की लहगडुआ स्थित इकाई के विस्तार पर चर्चा की। दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं के क्षेत्र की कंपनी की यह इकाई देश में उसके बड़े विनिर्माण संयंत्रों में शामिल है। कंपनी ने सर्फ एक्सेल और व्हील के लिए नई स्प्रे-ड्राइड डिटर्जेंट विनिर्माण सुविधा में भूमि की लागत को छोड़कर 800 से 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया। वर्ष 2027 से 2030 के बीच चरणबद्ध विकास और 5 से 8 लाख टन वार्षिक उत्पादन क्षमता प्रस्तावित है। इससे लगभग 700 प्रत्यक्ष और 1,500 अप्रत्यक्ष रोजगार अवसरों के सृजित होने की संभावना है।

ग्वालियर में 200 करोड़ रुपये की दूरसंचार उपकरण इकाई का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री से स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रा शेखर ने दूरसंचार उपकरण एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश पर चर्चा की। कंपनी ने ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 200 करोड़ रुपये की एआई-संचालित, निर्यातोन्मुख दूरसंचार उपकरण विनिर्माण सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। प्रस्तावित इकाई का 75 प्रतिशत से अधिक उत्पादन निर्यात के लिए निर्धारित करने की योजना है। लगभग 1,000 रोजगार अवसरों के साथ कार्यबल में 70 प्रतिशत महिलाओं और 10 प्रतिशत दिव्यांगजन की भागीदारी रखी गई है। बैठक में इकाई की स्थापना के लिए भूमि आवंटन पर विचार-विमर्श हुआ।

ब्लैक स्टोन के प्रबंध निदेशक आलोक जैन और वनराज रियल्टी एलएलपी के राजीव अजमेरा ने मुख्यमंत्री से लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। ब्लैक स्टोन की प्रदेश में अभी उपस्थिति नहीं है। लगभग 500 से 1,000 करोड़ रुपये के संभावित निवेश के संदर्भ में प्रमुख स्थानों पर उपयुक्त राजस्व भूमि उपलब्ध कराने, प्रोत्साहन प्रक्रिया की स्पष्टता तथा आवश्यक अनुमतियों और स्वीकृतियों के शीघ्र निराकरण पर विचार-विमर्श हुआ।

सिफी ने हाइपरस्केल और एआई-रेडी डेटा सेंटर में दिखाई रुचि

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सिफी टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के डेटा सेंटर व्यवसाय के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शरद अग्रवाल ने प्रदेश में डेटा सेंटर अवसंरचना विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। कंपनी ने हाइपर स्केल, एआई-रेडी और एज डेटा सेंटर स्थापित करने में रुचि दिखाई। इसके लिए विश्वसनीय बिजली, नवकरणीय ऊर्जा, फाइबर कनेक्टिविटी और भविष्य में विस्तार की सुविधा वाली भूमि की आवश्यकता जताई गई। भूमि, पात्र प्रोत्साहनों और समयबद्ध प्रस्ताव के लिए एकल-खिड़की सहयोग पर भी संवाद हुआ।

इन्फ्रा मार्केट का निर्माण सामग्री क्षेत्र में 200 करोड़ रूपये के निवेश का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री से हेला इन्फ्रा मार्केट लिमिटेड के सह-संस्थापक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं निदेशक सौविक सेनगुप्ता ने निर्माण सामग्री क्षेत्र में निवेश पर चर्चा की। कंपनी ने 200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिससे लगभग 250 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

डी एंड एच इंडिया का 300 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से डी एंड एच इंडिया लिमिटेड के निदेशक सौरभ वोरा ने वेल्डिंग सामग्री और सहायक विनिर्माण गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा की। कंपनी ने इंदौर के निकट लगभग 25 एकड़ भूमि पर 300 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इससे करीब 500 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

ई-बस, बायोगैस और स्मार्ट मीटर परियोजनाओं में एवरसोर्स का 3,500 करोड़ रुपये का निवेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से एवरसोर्स कैपिटल की कार्यकारी निदेशक खुशबू शाहानी ने हरित अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश और नई संभावनाओं पर चर्चा की। समूह की परियोजनाएं इलेक्ट्रिक बसों, संपीड़ित बायोगैस और स्मार्ट मीटर जैसे क्षेत्रों से जुड़ी हैं। प्रदेश में समूह का लगभग 3,500 करोड़ रुपये का प्रतिबद्ध निवेश प्रगतिरत है, जिससे करीब 6,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसरों की संभावना है।

मीरा कॉटन का 2,000 करोड़ रुपये का टेक्सटाइल निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री से मीरा कॉटन एंड सिंथेटिक मिल्स प्रायवेट लिमिटेड के निदेशक जय जयेश शाह ने अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जयेश शाह के साथ टेक्सटाइल और परिधान क्षेत्र में निवेश पर चर्चा की। कंपनी पॉलिस्टर टेक्सचर्ड यार्न, निटेड फैब्रिक और गारमेंट का एकीकृत विनिर्माण करती है। इसके संयंत्र भिवंडी और सिलवासा में हैं। कंपनी ने मध्यप्रदेश में 2,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा, जिससे लगभग 4,000 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

सनटेक रियल्टी ने जीसीसी, डेटा सेंटर और लॉजिस्टिक्स में दिखाई निवेश की रुचि

मुख्यमंत्री से सनटेक रियल्टी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कमल खेतान ने रियल एस्टेट और शहरी अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। कंपनी ने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, डेटा सेंटर से जुड़े पारिस्थितिकी तंत्र तथा लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग में रुचि व्यक्त की। बैठक में उपयुक्त राजस्व भूमि उपलब्ध कराने, पात्र प्रोत्साहनों की प्रक्रिया और आवश्यक अनुमतियों एवं स्वीकृतियों के शीघ्र निराकरण पर विचार-विमर्श हुआ।

इंडियन डायमंड सीमेंट का 3,000 करोड़ रूपये से अधिक का निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री से इंडियन डायमंड सीमेंट इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक रुद्र प्रताप त्रिपाठी ने सीमेंट एवं अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश पर चर्चा की। कंपनी ने 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत रखा, जिससे 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story