(अपडेट) देश की आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय नायकों के योगदान को भुला दिया: मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) देश की आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय नायकों के योगदान को भुला दिया: मोहन यादव


(अपडेट) देश की आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय नायकों के योगदान को भुला दिया: मोहन यादव


- जनजातीय गौरव सप्ताह अंतर्गत ब्यौहारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 357.71 करोड़ के 82 विकास कार्यों की दी सौगात

भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महान क्रांतिकारी और जननायक बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय नायकों ने देश की आजादी के लिए जनजातीय क्षेत्रों में अलख जगाई, लेकिन आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय महापुरुषों के योगदान को भुला दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को शहडोल जिले ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जननायक बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष से तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी। वे जल, जंगल और जमीन के लिए अपने कार्यों के आधार पर पूज्यनीय हो गए।

उन्होंने कहा कि वीर नायक भगवान बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए अपना बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देशभर में बिरसा मुंडा की जयंती राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। अब 15 नवंबर की तिथि राष्ट्रीय गौरव का दिन बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर तथा आदि पूजा के साथ किया। उन्होंने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 8.64 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 10 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपये लागत के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देश के 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के भाई-बहन बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, क्षेत्रीय सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी से सिंगरौली तक फोर लेन सड़क बनाने, ब्यौहारी विधानसभा में 10 करोड़ रूपये लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बनाने, हनुमान मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए 13 करोड़ लागत से बनने वाली सड़क को मंजूर करने, मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑडिटोरियम बनाने, संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाने, हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम शहडोल भेजने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल में नये इंडस्ट्रियल पार्क का जल्द ही भूमि-पूजन होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की है, आगे भी 2 लाख नए पदों पर नौकरी दी जाएगी।

भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और विजय हासिल की। उन्होंने देश-धर्म के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया। अपना देश, अपना राज का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे। जननायक वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने 1831 और 1832 में अद्वितीय लड़ाई लड़ी। उन्हें भी जनजातीय सप्ताह के कार्यक्रम में स्मरण कर रहे हैं। राज्य सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती का स्मरण कर जबलपुर से इस सप्ताह का शुभारंभ किया था। इसके बाद धार में लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई। पिछले दिनों जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपए की सौगात मिली है। जनजातीय सप्ताह में प्रदेशभर के अलग-अलग शहरों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर तीन दिनों तक बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही, पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों एवं कॉलेजों में लगभग डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकारों ने वर्ष 2002-03 से लेकर अब तक कुल 60 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया है। एक समय ऐसा था, जब प्रदेशवासियों को रात को भी बिजली नहीं मिलती थी। अब मध्य प्रदेश बिजली सरप्लस राज्य बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने देश में सबसे पहले नक्सलियों का खात्मा कर लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। एक समय ऐसा था, जब लोग शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी आने से डरते थे। हमारी सरकार ने नक्सलवाद की बीमारी को जड़ से खत्म किया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story