अर्थ नीति ही तय करती है राष्ट्र की प्रगति की दिशा : मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
अर्थ नीति ही तय करती है राष्ट्र की प्रगति की दिशा : मोहन यादव


- मप्र के मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम कांफ्रेंस-2025 मुम्बई में किया संबोधित - कहा-निवेशकों की जैसी जरूरत होगी, वैसी मदद करेगी मध्य प्रदेश सरकारभोपाल, 19 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सशक्त अर्थ नीति और वैचारिक दूरदर्शिता ही उसके विकास की संतुलित गति, स्थायित्व और भविष्य की दिशा तय करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीता दशक देश की अर्थव्यवस्था के लिए स्वर्णिम काल रहा है। इस दौरान देश ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुंबई में आयोजित वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम कॉन्फ्रेंस–2025 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। मध्य प्रदेश में निवेश और सरलता से व्यापार-व्यवसाय बढ़ाने के लिए हमारी सरकार निवेशकों की हर संभव मदद करने को तत्पर है। मध्य प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक हर निवेशक के लिए हमारी सरकार हर घड़ी उनके साथ खड़ी है। निवेशकों की जरूरतों से हम वाक़िफ हैं, इसीलिए जैसी जरूरत, हमारी सरकार निवेशकों की वैसी मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि हम सब मिल जुलकर 'मेक इन इंडिया' और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करेंगे। देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में 25 दिसंबर को भारतरत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश में 2.5 लाख करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी को ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ में शामिल होने के लिए ग्वालियर आमंत्रित करते हुए कहा कि यह आयोजन ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ के सफल समापन का साक्षी बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कॉन्फ्रेंस में भारत की आर्थिक प्रगति, सांस्कृतिक मूल्यों और वैश्विक नेतृत्व की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस रफ्तार से आर्थिक प्रगति कर रहा है, वह अभूतपूर्व है। सुदृढ़ नीतियों, संरचनात्मक सुधारों, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास के कारण हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत शीघ्र ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

देश-विदेश से बड़ी संख्या में आए बिजनेस टायकून्स, उद्योगपतियों, नीति-निर्माताओं, अर्थशास्त्रियों, शिक्षाविदों, ग्लोबल इकोनॉमी के विचारकों और वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम के सभी सदस्यों ने कॉफ्रेंस में शिरकत की। वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम कॉन्फ्रेंस–2025 भारत की आर्थिक सोच, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक दृष्टि को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है, इससे देश की भावी विकास यात्रा को नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है।

मध्य प्रदेश : निवेश और विकास का नया केंद्र

मुख्यमंत्री ने कांफ्रेंस में मध्य प्रदेश की बेजोड़ उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य निवेश, उद्योग, कृषि, ऊर्जा और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। मध्यप्रदेश में कभी भी औद्योगिक बाधाओं (इंडस्ट्रियल अनरेस्ट) की शिकायत नहीं रही। सरकार की निवेशकों के अनुकूल 18 नई औद्योगिक नीतियों, पारदर्शी शासन-प्रशासन और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण मध्य प्रदेश आज निवेशकों और नव उद्यमियों के लिए एक आकर्षक और भरोसेमंद केंद्र बन गया है। हम निवेशकों को हर जरूरी प्रोत्साहन, न्यूनतम दर पर भूमि, मदद और मार्गदर्शन भी मुहैया करा रहे हैं।

भारत अब मेक इन इंडिया से लेकर मेक फॉर वर्ल्ड के लिए है तैयार

उन्होंने कहा कि इनोवेशन प्रास्पेरिटी एण्ड सेल्फ-रिलायंस: इंडिया पाथ टू ग्लोबल लीडरशिप जैसे विषय पर ऐसे समय में संवाद हो रहा है, जब भारत केवल उभरती हुई अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि विश्व को दिशा देने वाली शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है। भारतीय परम्परा में अर्थ को कभी भी केवल लाभ तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उसे लोक कल्याण, संतुलन और दीर्घकालिक समृद्धि से जोड़ा गया है। भारत अब मेक इन इंडिया से लेकर मेक फॉर वर्ल्ड के लिए तैयार है। यह परिवर्तन परफॉर्म, रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और इनोवेशन की नीति से आया है। मध्य प्रदेश भारत के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में से एक है। हमने ईज़ ऑफ डूइंग को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर उतारते हुए उसे स्पीड स्केल और स्किल ऑफ डूइंग में परिवर्तित कर दिया।

लॉन्च की गई 18 नई औद्योगिक पॉलिसी प्रदेश के विकास में बन रही गेम चेंजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 18 नई औद्योगिक पॉलिसी लॉन्च कीं, जो प्रदेश की ग्रोथ के लिए गेम चेंजर सिद्ध हो रही हैं। धार जिले में देश के पहले और सबसे बड़े पीएम टेक्सटाइल पार्क का भूमि-पूजन किया गया है। यह पार्क फार्म-टू-फाइबर-टू-फैक्टरी-टू-फैशन-टू-फॉरेन के विजन को साकार करेगा। प्रदेश में 20 लाख 43 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं। पिछले 3 वर्षों में 4 लाख 26 हजार से अधिक नई विनिर्माण इकाइयां स्थापित हुईं। इनसे 66 हजार करोड़ से अधिक निवेश एवं एक करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) पॉलिसी और एपीजीसी-एक्सआर हब जैसी अभिनव पॉलिसी लागू की हैं। जल्द ही प्रदेश में स्पेस टेक पॉलिसी भी लागू की जाएगी। स्टार्ट-अप्स को वित्तीय सहायता, बुनियादी ढांचा सहयोग के लिए 'एमपी स्टार्ट-अप पॉलिसी एंड इम्लीमेंटेशन स्कीम लागू की गई है। पर्यटकों को एमपी के टूरिज्म का एक्सपीरियंस लुभा रहा है। प्रदेश में वर्ष 2024 में पर्यटन के क्षेत्र में कीर्तिमान रचा है। रिकॉर्ड 13.41 करोड़ पर्यटक मध्य प्रदेश आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर 20 दिसंबर को मेट्रो सेवा की शुरुआत करेंगे। प्रदेश की राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर दोनों शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध होंगी। प्रदेश में वर्तमान में 8 एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। प्रदेश में टीसीएस, इंफोसिस जैसी 2500 से अधिक आईटी कंपनियां कार्य कर रही हैं। मध्य प्रदेश बेस्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन के साथ फिल्म फ्रैंडली स्टेट भी बन रहा है। फिल्मों की शूटिंग को राज्य में गति मिल रही है। होम बाउंड, लॉयन, स्त्री, पैडमैन जैसी फिल्मों से मध्य प्रदेश में फिल्म उद्योग की संभावनाएं दिखी हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का फूड बॉस्केट है। गेहूं, सोयाबीन, तिलहन, मक्का और मिलेट्स का उत्पादन हमें वैश्विक खाद्य उद्योग का केंद्र बना रहा है। फार्मस्यूटिकल्स राज्य के कुल निर्यात का 20 प्रतिशत हिस्सा हैं, जो इस सेक्टर की ताकत को दर्शाता है। मध्य प्रदेश के बीना में 49 हजार करोड़ रुपये की लागत से पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री की स्थापना की जा रही है। प्रदेश में कोयले के विशाल भण्डार हैं। मध्य प्रदेश का टेक्सटाइल और हैंडलूम हमारी पहचान है। महेश्वरी और चंदेरी साड़ियां, बाग प्रिंट, बटिक प्रिंट, ग्वालियर की कालीन अपनी गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि जैविक कपास उत्पादन में मध्य प्रदेश देश में अग्रणी है। कपड़ा उद्योग में मध्य प्रदेश का बड़ा नाम है। पीथमपुर को भारत का डेट्राइट कहा जाता है। यहां ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक उपलब्ध है। यहां फोर्स मोटर्स और ब्रिजस्टोन जैसी कंपनियां संचालित हैं। मध्य प्रदेश का ईवी सेक्टर देश में तेजी से बढ़ता सेक्टर है। मध्य प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा में देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। मध्य प्रदेश देश का सरप्लस बिजली स्टेट हैं। रीवा के सोलर पार्क की बिजली से दिल्ली की मेट्रो तक दौड़ रही है। देश का पहला फ्लोटिंग सोलर एनर्जी पार्क ओंकारेश्वर में स्थापित है। हरित ऊर्जा क्षेत्र की ग्रीनको कंपनी ने नीमच में पंप स्टोरेज (हाईड्रो पॉवर) प्लांट लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में विभिन्न सेक्टर्स की बड़ी कंपनियां तेजी से उद्योग स्थापित करते हुए अपना उत्पादन शुरू कर चुकी हैं।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story