हमारी सांस्कृतिक कलाएं और परंपराएं जीवन में भर देती हैं उत्साह : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
हमारी सांस्कृतिक कलाएं और परंपराएं जीवन में भर देती हैं उत्साह : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


हमारी सांस्कृतिक कलाएं और परंपराएं जीवन में भर देती हैं उत्साह : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


हमारी सांस्कृतिक कलाएं और परंपराएं जीवन में भर देती हैं उत्साह : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- विजयवाड़ा उत्सव में शामिल हुए मप्र के मुख्यमंत्री, श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए किया आमंत्रित

भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विविधता से भरी भारतीय संस्कृति में दक्षिण की संस्कृति और परंपराएं हम सभी को रोमांचित करती हैं। हमारी सांस्कृतिक कलाएं और परंपराएं जीवन में उत्साह और उमंग भर देती हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार देर शाम आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान विजयवाड़ा में आयोजित विजयवाड़ा उत्सव में सहभागिता कर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आंध्र प्रदेश सरकार और टूरिज्म डिपार्टमेंट की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 'दक्षिण का वैभव' थीम पर कलाकारों के विभिन्न समूहों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माँ कनक दुर्गा और भगवान मल्लिकार्जुन स्वामी के चरणों में नमन करते हुए कहा कि विजयवाड़ा उत्सव का यह द्वितीय वर्ष है। नवरात्रि का पर्व चल रहा है। मां दुर्गा हमें सुख और समृद्धि का आशीर्वाद देती है। विजयवाड़ा उत्सव का वैभव ऐसा है कि आज भगवान इंद्र भी इसे आशीर्वाद दे रहे हैं। बारिश की बूंदें उत्सव के आनंद और उमंग को बढ़ा देती हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माँ कृष्णा नदी के किनारे स्थित विजयवाड़ा विजय की धरती है। मध्यप्रदेशवासियों की ओर से हर कार्य में आपकी विजय की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश के निवासियों की ओर से आंध्र प्रदेश के नागरिकों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश भर में विजयवाड़ा उत्सव का वैभव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने विजयवाड़ा उत्सव के आयोजकों को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विजयवाड़ा उत्सव में 4 से 5 हजार कलाकार अपने विभिन्न सांस्कृतिक नृत्य और कलाओं की प्रस्तुति दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माँ कृष्णा नदी के किनारे स्थित यह पर्वतीय क्षेत्र हीरा खनन के लिए भी प्रसिद्ध है। बताया जाता है कि यहीं से प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा निकला था, जो तत्कालीन ब्रिटिश शासकों के हाथों में चला गया। भारत सरकार प्रसिद्ध कोहिनूर हीरे को वापस भारत लाने के लिए प्रयास कर रही है। विजयवाड़ा का मैंगो मार्केट देशभर में प्रसिद्ध है। मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश का संबंध हजारों सालों से रहा है। दोनों राज्य ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं को समृद्ध करते हुए परस्पर सहयोग करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयवाड़ा उत्सव में उपस्थित सभी दर्शकों और श्रद्धालुओं को उज्जैन में बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के लिये आमंत्रित किया। उन्होंने सभी को किसी समय लुप्त हुए चीतों को मध्य प्रदेश में तीन स्थानों पर बसाने और प्रदेश की समृद्ध वन्य प्राणी सम्पदा के दर्शन के लिए भी आमंत्रित किया। उन्होंने विजयवाड़ा उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

अमरावती में श्री दुर्गा मल्लेश्वर स्वामी मंदिर में किए दर्शन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इससे पहले आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के अमरावती में इंद्रकीलाद्रि पर्वत पर श्री दुर्गा मल्लेश्वर स्वामी मंदिर में माँ श्री कनक दुर्गा देवी के दर्शन किए। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने शारदीय नवरात्रि महोत्सव-2026 में आयोजित विशेष पूजन में सहभागिता की और मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story