गुटों-धड़ों में बंटी कांग्रेस सिर्फ बांटना और लड़ाना जानती है, विकास करना नहीं : डॉ. मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
गुटों-धड़ों में बंटी कांग्रेस सिर्फ बांटना और लड़ाना जानती है, विकास करना नहीं : डॉ. मोहन यादव


गुटों-धड़ों में बंटी कांग्रेस सिर्फ बांटना और लड़ाना जानती है, विकास करना नहीं : डॉ. मोहन यादव


- विधानसभा उपचुनावः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दतिया में दो स्थानों पर रोड शो कर मांगा जनता का आशीर्वाद

भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुटों और धड़ों में बटी कांग्रेस केवल बांटने और लड़ाने की राजनीति करना जानती है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति करती है। दतिया के विकास को नई दिशा भाजपा सरकार ने दी है और आने वाले समय में भी विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार की रात दतिया में आयोजित भव्य रोड शो के दौरान जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मुख्यमंत्री ने दो स्थानों पर विशाल रोड शो कर जनता से आशीर्वाद एवं समर्थन मांगा तथा भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की।

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, विधायक प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह रथ पर सवार रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो में उमड़े अभूतपूर्व जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश और दतिया में कांग्रेस का जनाधार पूरी तरह समाप्त हो चुका है। देश भर से कांग्रेस का सफाया हो रहा है और दतिया में भी विकास की नई बयार बह रही है। भाजपा सरकार विकास के नए आयाम गढ़ रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बिना रुके सीधे किसानों के खातों तक पहुंच रही हैं।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए 11 हजार करोड़ से अधिक की लागत से डिफेंस पार्क और बड़ा कारखाना दतिया को बहुत जल्दी मिलने वाला है, इससे क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों समेत हर वर्ग के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है, वह विकास के आधार पर जनता का आशीर्वाद मांगती है। विकास कार्यों से ही पिछले 23 साल से मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है, अगर कुछ माह का कार्यकाल कमलनाथ की कांग्रेस सरकार का छोड़ दिया जाए तो कांग्रेस ने लोगों को लड़ाने, जातियों व समाजों में बांटने का कार्य किया है। कांग्रेस फूट डालो शासन करो की नीति पर चलते हुए शासन करना चाहती है।

भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता राजू दांगी

दतिया में रोड शो के पश्चात आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के समक्ष कांग्रेस नेता राजू दांगी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।

दो रोड शो में हजारों आमजन हुए शामिल

पहला रोड शो दतिया हवाई अड्डे से मां पीताम्बरा पीठ के उत्तर द्वार तक निकाला गया, जबकि दूसरा रोड शो मां पीताम्बरा पीठ के पश्चिम द्वार से बड़ी तिगलिया तक पहुंचा। दोनों रोड शो में हजारों की संख्या में विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, समाजों के पदाधिकारी, व्यापारी, स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मार्ग में उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान कर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का आह्वान किया। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने पूरे मार्ग में रथ से दोनों हाथ जोड़कर नागरिकों का अभिवादन कर समर्थन और आशीर्वाद मांगा।

स्थान-स्थान पर हुआ भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और नारों से गूंज उठा दतिया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का रोड शो के दौरान पूरे मार्ग में स्थान-स्थान पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। दोनों रोड शो के मार्ग पर सैकड़ों स्वागत मंच बनाए गए। लगभग तीन दर्जन से अधिक सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों ने मंच लगाकर अभिनंदन किया। दतिया शहर के व्यावसायिक संघों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा बड़ी संख्या में गैर-राजनीतिक संगठनों ने भी रोड शो का स्वागत कर भाजपा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। पूरे मार्ग में नागरिकों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा की। अनेक लोगों ने अपने घरों की बालकनियों एवं खिड़कियों से भी फूल बरसाकर स्वागत किया। भाजपा के समर्थन में गूंजते नारों और उत्साह से पूरा दतिया शहर भाजपा के रंग में रंगा दिखाई दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story