सीआईई विनिर्माण इको-सिस्टम संवर्धन योजना राष्ट्र के विकास में एक और बड़ा कदम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
सीआईई विनिर्माण इको-सिस्टम संवर्धन योजना राष्ट्र के विकास में एक और बड़ा कदम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण एवं अवसंरचना उपकर विनिर्माण इको-सिस्टम संवर्धन के लिए योजना को दी मंजूरी

भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को नई दिल्ली में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश में निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण (सीआईई) विनिर्माण इको-सिस्टम को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। केंद्र सरकार का यह निर्णय राष्ट्र के विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि इस योजना के जरिए निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों और उनके कलपुर्जों के घरेलु विनिर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं आत्याधुनिक परीक्षण केंद्रों की स्थापना से उत्पादों की गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता भी बढ़ेगी, जिससे वैश्विक बाजार में भारत की मजबूत पहचान और भागीदारी बढ़ेगी।

दो प्रमुख घटक

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत पात्र मूल उपकरण निर्माताओं और कलपुर्जा निर्माताओं के लिए बिक्री से जुड़ा प्रोत्साहन के अंतर्गत पांच वर्षों की अवधि में वृद्धिशील बिक्री मूल्य पर 13 प्रतिशत से 8 प्रतिशत तक की श्रेणीबद्ध दरों से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार सीआईई परीक्षण सुविधा के तहत समर्पित परीक्षण सुविधा स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपये तक की अनुदान सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने डाक सेवाओं के निरंतर संचालन की योजना मंजूर करने का किया स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को नई दिल्ली में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में डाक सेवाओं के निरंतर संचालन के लिए 1141 करोड़ रुपये की योजना मंजूर करने का स्वागत किया है। उन्होंने 'एक्स' पर कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 16वें वित्त आयोग की अवधि के लिए योजना को मंजूरी देने के साथ ही वर्ष 2030-31 तक डाक परिचालन योजना को जारी रखने की स्वीकृति भी दे दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इस निर्णय से देश के दूर-दराज क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ आधुनिक डाकघरों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर बैंकिंग, बीमा, डिजिटल और पार्सल सेवाएं भी सुलभ होंगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से ग्रामीण डाक अवसंरचना का उन्नयन, डाक एवं पार्सल सेवाओं का आधुनिकीकरण, ई-कॉमर्स और अंतर्राष्ट्रीय डाक लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ करना, डिजिटल परिवर्तन, बेहतर सेवा वितरण को बढ़ावा और डाक टिकट संग्रह (फिलेटली) एवं ग्राहकों तक पहुंच का भी विस्तार हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783272 Articles

Share this story