मप्र के मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों को दिया होली का तोहफा, 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों को दिया होली का तोहफा, 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता


मप्र के मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों को दिया होली का तोहफा, 3 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता


-केन्द्र के समान 58 फीसदी मिलेगी डीए, एरियर मई 2026 से प्रारंभ होकर 6 समान किश्तों में दिया जाएगा, पेंशनरों को भी मिलेगा लाभ

भोपाल, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार के होली से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार शाम को राज्य कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने की घोषणा की है। इससे प्रदेश के 7.50 लाख कर्मचारी-अधिकारी और करीब 4.50 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होलिका दहन के अवसर पर प्रदेशवासियों को रंगों के त्यौहार होली की बधाई एवं मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को होली के तोहफे के रूप में डीए में वृद्धि की सौगात दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर अब 58 प्रतिशत हो जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के कर्मचारियों को भारत सरकार के समान माह अप्रैल 2026 पेड इन मई 2026 के वेतन पर 58 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाएगा। इसमें जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि मई 2026 से प्रारंभ कर 6 समान किश्तों में भुगतान करने का निर्णय सरकार द्वारा लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के सभी पेंशनधारियों को भी जनवरी 2026 पेड इन फरवरी 2026 से 58 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हमारी सरकार किसानों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। किसान कल्याण वर्ष में सोमवार को ही पहली कृषि कैबिनेट बड़वानी जिले में हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि होली परस्पर आत्मीय प्रेम भाव बढ़ाने का त्यौहार है। हम सभी हर्ष और आनंद के साथ होली मनाएं और राज्य की बेहतरी के लिए मिल-जुलकर कार्य करें।

महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत वृद्धि से प्रदेश के करीब 12 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों और पेंशनरों को लाभ होगा। एक अनुमान के अनुसार इस बढ़ोतरी से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को 465 से 556 रुपये, तृतीय श्रेणी कर्मचारी 585 से 1473, द्वितीय श्रेणी अधिकारी 1683 से 2019 रुपये तथा प्रथम श्रेणी अधिकारियों को 2397 से 4230 तक प्रति माह वेतन ज्यादा मिलेगा।

तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने महंगाई भत्ता जुलाई 2025 से प्रदान करने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रदेश के सेवानिवृत कर्मचारियों को भी जुलाई 2025 से ही महंगाई राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।

तिवारी ने बताया कि जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक लगभग 8 महीनों बाद यह बढ़ोतरी की गई है। कर्मचारी संगठन द्वारा लगातार मांग करने के बाद भी सरकार द्वारा अनदेखी के कारण कर्मचारियों का नुकसान बढ़ता जा रहा था। अब मुख्यमंत्री की घोषणा से कर्मचारियों में खुशी की लहर है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story