मप्र की रत्नगर्भा नगरी पन्ना में फिर चमकी एक मजदूर की किस्मत, मिला बेशकीमती हीरा

WhatsApp Channel Join Now
मप्र की रत्नगर्भा नगरी पन्ना में फिर चमकी एक मजदूर की किस्मत, मिला बेशकीमती हीरा


मप्र की रत्नगर्भा नगरी पन्ना में फिर चमकी एक मजदूर की किस्मत, मिला बेशकीमती हीरा


पन्ना, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती ने एक बार फिर हीरा उगला है, जिससे एक मजदूर की किस्मत चमक उठी है। यहां राजू आदिवासी नाम के मजदूर को खदान में काम करते हुए 11.19 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का हीरा मिला। इस हीरे की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

राजू आदिवासी ने पन्ना जिले के अहिरगवा क्षेत्र स्थित खदान का पट्टा लिया था। सोमवार को यहां खुदाई के दौरान राजू को मिट्टी के बीच यह चमचमाता हीरा मिला। हीरा मिलने के बाद राजू ने नियमानुसार उसे पन्ना हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। हीरा कार्यालय के अधिकारियों ने जांच के बाद इसे 11.19 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का हीरा बताया है। इस बेशकीमती हीरे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

जिला कलेक्ट्रेट स्थित हीरा कार्यालय के हीरा पारखी अनुपम सिंह ने इसकी शुद्धता की जांच की और नियमानुसार जमा कर लिया। उन्होंने बताया कि इस हीरे की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत आगामी नीलामी में तय होगी। नीलामी से प्राप्त राशि में शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार रॉयल्टी और कर की कटौती के बाद शेष राशि हीरा मिलने वाले व्यक्ति को दी जाएगी।

मप्र की रत्नगर्भा नगरी में कब किसकी किस्मत चमक जाए, कहा नहीं जा सकता है। पन्ना की धरती से निकलने वाले हीरो कई लोगों को रातों-रात लखपति बना चुके हैं। यह पहली बार नहीं है जब राजू आदिवासी के परिवार को हीरा मिला है। इससे पहले साल 2024 में राजू के भाई राकेश आदिवासी को पट्टी खदान में 19.22 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का एक बड़ा हीरा मिला था। वह हीरा नीलामी में लगभग 93 लाख रुपये में बिका था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया था। इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद परिवार ने मेहनत करना नहीं छोड़ा है। राकेश आदिवासी ने बताया कि इस नए हीरे की नीलामी से मिलने वाले पैसों का उपयोग वे नई हीरे की खदान लगाने और अपनी किस्मत आजमाने में करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story