मप्र के छतरपुर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के छतरपुर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत


मप्र के छतरपुर में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत


- अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था परिवार

छतरपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मातगुवां थाना क्षेत्र के चौका गांव के पास शनिवार शाम को बोलेरो और ट्रक की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए। सूचना मिलते ही मातगुवां पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी लोग बिजावर क्षेत्र के रहने वाले थे और बगौता में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इस दाैरान रास्ते में चौका गांव के पास बोलेरो की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई।

पांच लोगों की मौत, चालक गंभीर

मातगुवां पुलिस के अनुसार हादसे में हादसे में दौलत रैकवार (40), उनकी पत्नी बीना रैकवार (38), श्यामबाई रैकवार (60), संजय रैकवार (25) और कौशल्या रैकवार (50) की मौत हुई है। घायल बोलेरो चालक की पहचान छोटू रैकवार के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बताई गई हैऔर ईलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की है। मातगुवां पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। ट्रक चालक की भूमिका और हादसे के बाद उसकी स्थिति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

वाहन में फंसे लोगों को निकालने में मशक्कत

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीम के पहुंचने से पहले राहत कार्य शुरू किया। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने आवश्यक उपकरणों की मदद से लोगों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मातगुवां तहसीलदार पियूष दीक्षित ने बताया कि सभी लोग बिजावर से आ रहे थे। बगौता में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बोलेरो-ट्रक की टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story