मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज से मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज से मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर


भोपाल, 04 जुलाई (हि.स.)। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार शनिवार को मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। वे पहले दिन इंदौर में बूथ लेवल ऑफिस (बीएलओ) से संवाद करेंगे, जबकि दूसरे दिन ओंकारेश्वर और महेश्वर में विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी आरआर पटेल ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त आज इंदौर पहुंचेंगे और यहां लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित बीएलओ कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। इस दौरान वे इंदौर, उज्जैन, देवास, धार और खंडवा जिले के 1,500 से अधिक बीएलओ के साथ संवाद करेंगे।

जनस्म्पर्क अधिकारी के अनुसार, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा है। वहीं, इंदौर में बीएलओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक और चर्चा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त दूसरे दिन रविवार को ओंकारेश्वर और महेश्वर जाएंगे। इस दौरान वे ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग दर्शन और मां नर्मदा का पूजन करेंगे, जिसके बाद ऐतिहासिक महेश्वर किले का भी भ्रमण करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सायंकाल इंदौर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story