मध्य प्रदेश के धार में डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, चार युवकों की जिंदा जलकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश के धार में डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, चार युवकों की जिंदा जलकर मौत


मध्य प्रदेश के धार में डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, चार युवकों की जिंदा जलकर मौत


धार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पांचों दोस्त सांवरिया सेठ के दर्शन कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लेबड़-नयागांव फोरलेन पर उनकी डिजायर कार अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई और नीचे जा गिरी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे भीतर फंसे चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे सादलपुर थाना क्षेत्र में सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास हुआ। कार में सवार पांचों दोस्त सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। लौटते समय सादलपुर के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और वाहन पुलिया से नीचे गिर गया। इसके तुरंत बाद कार में आग भड़क उठी।

हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि चार अन्य भीतर ही फंसे रह गए। आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार से बाहर गिरे युवक को गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम चौधरी (20) पुत्र विक्रम चौधरी और चेतन चौधरी (20) पुत्र जीवन चौधरी के रूप में हुई है। दोनों बड़ी सागौर में धाकड़ धर्मशाला के पास के रहने वाले थे। इनके अलावा आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) पुत्र संतोष तिवारी, निवासी चौधरी मोहल्ला, बड़ी सागौर और अभिषेक सोलंकी (19) पुत्र लक्ष्मण सोलंकी, निवासी सुहागपुर, सागौर की भी हादसे में मौत हो गई।

दुर्घटना में तुषार मंडलोई (20) पुत्र मुकेश मंडलोई, निवासी माधोपुर, सागौर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल दमकल वाहन बुलवाकर कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक वाहन बुरी तरह जल चुका था और उसमें फंसे चारों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चारों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेज दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि दुर्घटना रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे सादलपुर थाना क्षेत्र में हुई। कार में पांच युवक सवार थे, जो सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई और उसमें आग लग गई। हादसे में एक युवक बाहर निकल आया, जबकि चार अन्य की आग में जलने से मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766875 Articles

Share this story