मप्र के बालाघाट जिले में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत, आठ घायल
बालाघाट, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर और गढ़ी थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम बदलने के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। अलग-अलग गांवों में हुई इस घटना में आठ अन्य लोग घायल हुए है। घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
वॉच टॉवर पर बिजली गिरने से तीन की मौत
पहली बड़ी घटना बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरवा हवाई पट्टी के पास भमोड़ी वन विभाग कैंप में हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बिरवा निवासी सतीश वलके (19) और लक्की मेरावी (18) अपनी बहनों के साथ तालाब की ओर गए थे। वहीं भमोड़ी निवासी झामसिंह ताराम (34) और गुचरी ताराम (50) जंगल में लकड़ी काटने निकले थे। शुक्रवार शाम अचानक तेज आंधी-तूफान और बारिश शुरू होने पर करीब 9 लोग पास ही बने वन विभाग के वॉच टॉवर में छिप गए। सतीश और लक्की टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में थे। इसी दौरान टॉवर से सटे एक साल के पेड़ पर जोरदार बिजली कड़कड़ाकर गिरी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में सबसे ऊपरी हिस्से में मौजूद सतीश वलके और लक्की मेरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे झामसिंह ताराम ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं, बम्हनी निवासी शालिनी (13) पुत्री सबजीत वलके, भिमोड़ी निवासी देवसिंह (50) पुत्र कतियासिंह ताराम, अतरिया निवासी महेश (35) पुत्र संतलाल तेकाम, देवलाल (50) पुत्र बजारी तेकाम, रायसिंग (52) पुत्र हजारी पंद्र तथा कौशल्या मरावी (70) वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे में घायल हुए अन्य लोगों में भमोड़ी निवासी गुचरी ताराम (50) और एक अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बैहर अस्पताल से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। चार अन्य घायलों का इलाज बैहर अस्पताल में ही चल रहा है।
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोल्हे ने बताया कि डायल 100 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया गया है।
गढ़ी क्षेत्र में एक महिला की मौत
वहीं, दूसरी घटना गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खुर्सीपार के कोमो गांव की है, जहां नुंकाटोला निवासी चंद्रावती (39) पत्नी कैलाश पुसाम की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा बैहर के ही ग्राम बम्हनी में एक मकान पर बिजली गिरने से दो लोग घायल हो गए, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

