मप्र एटीएस ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त दो संदिग्ध आतंकियों को कोर्ट में किया पेश

WhatsApp Channel Join Now
मप्र एटीएस ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त दो संदिग्ध आतंकियों को कोर्ट में किया पेश


- फराज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल, नईम चार दिन की रिमांड पर

भोपाल, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश एटीएस ने देशविरोधी गतिविधियों और कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों मोहम्मद फराज और नईम अब्दुल्ला को मंगलवार को विशेष न्यायाधीश डॉ. मुकेश मलिक की अदालत में पेश किया।

अदालत ने मोहम्मद फराज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि नईम अब्दुल्ला को चार दिन के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की रिमांड पर सौंप दिया।

एटीएस ने अदालत को बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी नईम से पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है। जांच एजेंसी उससे नेटवर्क, डिजिटल संपर्कों, विदेशी कनेक्शन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करेगी।

इस मामले में अब तक भोपाल से मोहम्मद फराज, देवबंद से नईम अब्दुल्ला, राजस्थान के अलवर से शाकिर मेव और धार से हाजी अजहर की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं हरियाणा के नूंह से एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए भोपाल लाया गया है। एटीएस पूरे नेटवर्क, डिजिटल रिकॉर्ड, विदेशी संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि टेलीग्राम और वाट्सएप ग्रुप्स के जरिए युवाओं को जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। फराज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को जोड़ने और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े वीडियो साझा करने के लिए ग्रुप बनाता था। वह पिछले करीब चार वर्षों से डिजिटल गतिविधियों में सक्रिय था। अब एटीएस डिजिटल गतिविधियों, विदेशी फंडिंग और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story