देश में पहली बार मध्य प्रदेश में पूरी तरह ऑनलाइन हुई आंगनबाड़ी भर्ती, 22 हजार से अधिक पदों पर हुई नियुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
देश में पहली बार मध्य प्रदेश में पूरी तरह ऑनलाइन हुई आंगनबाड़ी भर्ती, 22 हजार से अधिक पदों पर हुई नियुक्ति


भोपाल, 27 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक के माध्यम से महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। प्रदेश में ऑनलाइन चयन प्रणाली के माध्यम से अब तक 22 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई की जा चुकी है। मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती में विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त संदीप जीआर ने शुक्रवार को बताया कि भर्ती प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एमपी ऑनलाइन के माध्यम से चयन पोर्टल विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गत 20 नवम्बर, 2024 को इस पोर्टल का शुभारंभ किया था। इसके बाद 23 मई, 2025 को नवीन नियुक्ति निर्देश तथा 3 जून, 2025 को ऑनलाइन भर्ती संबंधी निर्देश जारी किए गए।

उन्होंने बताया कि जून, 2025 में प्रथम चरण में 19,504, दिसम्बर 2025 में द्वितीय चरण में 4,767 तथा जून 2026 में तृतीय चरण में 2,548 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई। तीनों चरणों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 4,381 तथा सहायिकाओं के 22,438 सहित कुल 26,819 पदों पर भर्ती की कार्रवाई प्रारंभ की गई। इनमें से 22 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है, जबकि शेष पदों पर प्रक्रिया जारी है।

ऑनलाइन चयन प्रणाली के माध्यम से अभ्यर्थी मोबाइल, कंप्यूटर अथवा एमपी ऑनलाइन कियोस्क से आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए किसी सरकारी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। आवेदन में त्रुटि होने पर संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध है। अभ्यर्थी मेरिट सूची, चयन के प्रत्येक चरण और नियुक्ति की स्थिति स्वयं पोर्टल पर देख सकती हैं। संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया लगभग दो माह में पूर्ण करने का प्रावधान किया गया है।

ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया से दस्तावेजों एवं अंकों में हेरफेर की संभावनाओं पर अंकुश लगा है। पूर्व की ऑफलाइन प्रक्रिया में आवेदन प्राप्त नहीं होने, दस्तावेज बदलने, चयन समितियों की बैठक में विलंब जैसी शिकायतें सामने आती थीं। डिजिटल चयन प्रणाली लागू होने से इन शिकायतों में कमी आई है। साथ ही प्रशासनिक कार्यभार कम होने के साथ जवाबदेही भी बढ़ी है।

संदीप ने बताया कि ऑनलाइन चयन प्रणाली की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि आगामी छह माह में संभावित रिक्त होने वाले पदों के लिए भी अग्रिम रूप से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा सकती है। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबे समय तक पद रिक्त रहने की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी तथा बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा संबंधी सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।उन्होंने बताया कि यह डिजिटल नवाचार महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभ्यर्थी चयन पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in/ के माध्यम से 100 रुपये एवं जीएसटी शुल्क के साथ आवेदन कर सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story