दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे सांसद अमृतपाल सिंह, अदालत ने तीन घंटे की दी अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे सांसद अमृतपाल सिंह, अदालत ने तीन घंटे की दी अनुमति


- 21 नवंबर को पुलिस हिरासत में पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा लाए जाएंगे अमृतपाल सिंह- अस्थियां एकत्र करने और भोग समारोह में वीडियो के माध्यम से होंगे शामिल

अमृतसर, 17 नवंबर (हि.स.)। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत से अनुमति मिल गई है। अमृतसर की अतिरिक्त सत्र अदालत ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को पुलिस हिरासत में उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा लाने की अनुमति दी है।

अदालत के आदेश के अनुसार, अमृतपाल सिंह दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक गांव में रह सकेंगे और अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। हालांकि, उन्हें इसके बाद होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है।

अमृतपाल सिंह के वकील हरजोत सिंह मान ने अदालत के फैसले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह की ओर से दाखिल नई अर्जी पर सुनवाई करते हुए अदालत ने अंतिम संस्कार में उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति की अनुमति दी है।

इसके साथ ही अदालत ने 13 नवंबर के अपने पहले आदेश में लगाई गई शर्तों को बरकरार रखा है।

अदालत के निर्देशानुसार, अमृतपाल सिंह 22 नवंबर को अस्थियां एकत्र करने की रस्म और 23 नवंबर को आयोजित होने वाले भोग समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हो सकेंगे।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अमृतपाल सिंह को लंबे समय तक अमृतसर में रहने की अनुमति देने का विरोध किया। अभियोजन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई थी।

अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ती है या किसी अप्रिय घटना की आशंका पैदा होती है, तो राज्य सरकार अमृतपाल सिंह को तुरंत कार्यक्रम स्थल से हटा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें राज्य से बाहर भी ले जाया जा सकता है।

अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि अंतिम संस्कार में उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का खर्च अमृतपाल सिंह स्वयं वहन करेंगे।

इसी बीच अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह और चचेरे भाई सुखमनप्रीत की पैरोल संबंधी अर्जियों पर अदालत बुधवार को फैसला सुना सकती है।

फिलहाल अमृतपाल सिंह को केवल 21 नवंबर को तीन घंटे के लिए अंतिम संस्कार में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की अनुमति मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778866 Articles

Share this story