केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर पहुंचे, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की अगवानी

WhatsApp Channel Join Now
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर पहुंचे, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की अगवानी


केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर पहुंचे, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की अगवानी


- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं विधानसभा अध्यक्ष तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने किया केन्द्रीय गृह मंत्री का आत्मीय स्वागत

भोपाल, 24 दिसंबर (हि.स.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार, 25 दिसंबर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। वे बुधवार रात ही ग्वालियर पहुंच गए हैं। केन्द्रीय मंत्री शाह गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर ग्वालियर में आयोजित ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ में शामिल होंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह बुधवार रात्रि लगभग 9.30 बजे विशेष विमान द्वारा ग्वालियर के महाराजपुरा स्थित भारतीय वायुसेना के विमानतल पर पधारे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विमानतल पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगवानी की। वायुसेना के विमानतल पर केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

विमानतल पर राज्य सरकार के मंत्रिगण कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, नारायण सिंह कुशवाह, चेतन्य काश्यप, प्रद्युम्न सिंह तोमर व राकेश शुक्ला, सांसद भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, श्री अनूप मिश्रा व डॉ. नरोत्तम मिश्र, प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

दरअसल, ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर गुरुवार, 25 दिसम्बर को ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश – ग्रोथ समिट’ का भव्य आयोजन होगा। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री की विशेष मौजूदगी में आयोजित होने जा रही यह समिट ग्वालियर के लाड़ले सपूत अटल जी के विकासवादी विचारों को समर्पित है और यह समिट प्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश विश्वास और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल को सशक्त रूप में प्रस्तुत करेगी। इस दौरान लगभग दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों से जुड़ी परियोजनाओं का सामूहिक भूमि पूजन एवं लोकार्पण भी होगा।

‘अभ्युदय मध्य प्रदेश – ग्रोथ समिट’आगाज प्रात: 11.30 बजे विशिष्ट अतिथि एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन के साथ होगा। समिट में प्रतिभागियों का आगमन प्रात: 9 बजे से शुरू हो जायेगा। राज्य शासन के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने जा रही इस समिट में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, राज्य के मंत्रीगण समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल होंगे। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ आयोजन स्थल पर थीमैटिक एवं स्मृति प्रदर्शनी में अटलजी के दूरदर्शी नेतृत्व, औद्योगिक दृष्टि तथा उनसे प्रेरित आज के मध्य प्रदेश की विकास यात्रा को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही एमएसएमई, महिला उद्यमिता, युवा कौशल, स्टार्ट-अप और क्षेत्रीय औद्योगिक संभावनाओं को भी विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story