मप्र के जबलपुर में खुदाई के दौरान जमीन के अंदर दबा मिला जिंदा बम, पुलिस ने सेना के अधिकारियों को सौंपा
जबलपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट के पास ग्राम गदेरी में शुक्रवार शाम को खुदाई के दौरान जमीन में दबा जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही खमरिया थाना पुलिस बम स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बम को सेना के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गदेरी में सुनील यादव के प्लॉट पर मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शाम के समय पिलर की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मजदूरों को जमीन से करीब 3 से 4 फीट नीचे लोहे जैसी एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसकी सूचना मकान मालिक को दी गई। पहले इसे लोहे का कबाड़ समझा गया, लेकिन करीब से देखने पर इसकी आकृति बम जैसी नजर आई। उन्होंने वस्तु को देखा तो बम होने की आशंका पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। जमीन के अंदर बम मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद खमरिया थाना पुलिस ने सेना के अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंच गया। टीम ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर संदिग्ध वस्तु की जांच की। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि वह एक जिंदा यूएक्सओ बम है, जिसका वजन करीब 12 किलो से अधिक और जिसकी मारक क्षमता करीब 50 मीटर तक बताई जा रही है। बम की स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों को वहां से हटा दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

