(अपडेट) मप्रः कंटेनर में पेंट के डिब्बों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 4.35 करोड़ का 871 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मप्रः कंटेनर में पेंट के डिब्बों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 4.35 करोड़ का 871 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार


भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर में छिपाकर गांजे का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, 412 नग पेंट के डिब्बे तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये है।

जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच एवं थाना गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नारकोटिक्स विंग के समन्वय से यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने थाना गोसलपुर क्षेत्र में एनएच-30 पर मुस्करा मोड़ के पास जबलपुर की ओर से आ रहे संदिग्ध कंटेनर क्रमांक एनएल-01-एसी-7191 का पीछा किया। पुलिस ने मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोका। कंटेनर में सवार चालक एवं एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम धर्मवीर सिंह (45), निवासी जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) बताया। वहीं कंटेनर में सवार दूसरे व्यक्ति की पहचान विक्रम करमाकर (24), निवासी बालुरघाट (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। चालक ने कंटेनर को अपना बताया। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 नग पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां रखी मिलीं। बोरियों की जांच करने पर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ पाया गया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजे का वजन करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये है।

पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशाखापट्टनम से माल लेकर निकले थे तथा रास्ते में ओडिशा के बलांगीर निवासी के कहने पर गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। आरोपियों को गांजा मध्य प्रदेश में मैहर के पहले निर्धारित स्थान पर खाली करना था। पुलिस पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के लड़के विक्रम के साथ 18 अक्टूबर को विशाखापत्तनम से माल लेकर निकला था। उसे अंबाला के लिए रवाना होना था। इसी दौरान ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू ने उसे फोन कर मध्य प्रदेश में गांजे की खेप पहुंचाने के लिए कहा। चालक के मुताबिक वह पहले भी प्रभात साहू के कहने पर कई बार गांजे की खेप मध्य प्रदेश पहुंचा चुका है। इसके बदले उसे हर खेप के लिए एक लाख रुपये मिलते थे।

पुलिस ने पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, 412 पेंट के डिब्बे और तस्करी में इस्तेमाल किया गया कंटेनर जब्त किया है और दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है। प्रकरण में गांजे की आपूर्ति एवं तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770294 Articles

Share this story