मध्य प्रदेश में 1000 करोड़ रुपये निवेश करेगी श्याम सेल एंड पॉवर कम्पनी

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में 1000 करोड़ रुपये निवेश करेगी श्याम सेल एंड पॉवर कम्पनी


- मुख्यमंत्री से मिले कम्पनी के पदाधिकारी,अतिरिक्त भूमि आवंटित करने का किया अनुरोध

भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। श्याम सेल एंड पावर कम्पनी लिमिटेड के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान भोपाल में विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में 1000 करोड़ रुपये निवेश की इच्छा जताई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की है कि उद्योगपति और निवेशक प्रदेश में निवेश में रूचि दर्शा रहे है। उन्होंने कहा कि समृद्धशाली देश के दिल में निवेश करने के इच्छुक प्रत्येक निवेशक का दिल से स्वागत है।

मप्र विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुलाकात के दौरान श्याम सेल एंड पावर कम्पनी के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर संजय अग्रवाल एवं चीफ आपरेटिंग आफिसर दीपक कुमार गौर ने मुख्यमंत्री को अपनी कम्पनी की भावी परियोजनाओं की जानकारी दी।

पॉवर कंपनी के निवेशकों ने बताया कि उनकी कंपनी स्टेनलेस स्टील बनाती है। धार जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र पीथमपुर में उनकी एक निर्माण इकाई पहले से संचालित है। इस निर्माण इकाई में कंपनी ने 550 करोड़ रुपये का निवेश कर 1300 लोगों को रोजगार दिया है। कंपनी पीथमपुर में ही अपनी दूसरी उत्पादन इकाई प्रारंभ करना चाहती है। कंपनी इसमें करीब 1000 करोड़ रुपये का निवेश कर 1000 हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने की मंशा रखती है। इसके लिए उन्हें पीथमपुर में ही अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। कंपनी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से उन्हें अतिरिक्त भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया।

औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कम्पनी को प्रदेश की सभी नवीन औद्योगिक नीतियों की जानकारी दी गई है। कम्पनी ने अपनी दूसरी निर्माण इकाई की स्थापना के लिए भी पीथमपुर को ही चुना है। कम्पनी को इस दूसरी निर्माण इकाई के लिए 25 एकड़ भूमि पहले ही दी जा चुकी है, परंतु कंपनी को इससे भी अधिक भूमि की आवश्यकता है। इस अवसर पर मप्र औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक चन्द्रमौली शुक्ला एवं अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story