गणेश विसर्जन शोभायात्रा को लेकर हैदराबाद में 20 हजार पुलिसकर्मी तैनात, मस्जिदों को कपड़े से ढका गया
हैदराबाद, 21 सितंबर (हि.स.)। गणेश विसर्जन शोभायात्रा को दखते हुए हैदराबाद पुलिस और नागरिक प्रशासन ने शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। एहतियाती कदम के तहत शोभायात्रा के प्रमुख मार्गों, विशेषकर चारमीनार, अफजल गंज और पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में स्थित मस्जिदों को बड़े तिरपाल और कपड़े की चादरों से ढका गया है।
शोभायात्रा के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन के लिए शहर में करीब 20 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बालापुर से टैंक बंड (हुसैन सागर) तक शोभायात्रा के मुख्य मार्ग का मौके पर निरीक्षण किया।
संयुक्त निरीक्षण में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी), हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति सुरक्षा एजेंसी (हैद्रा) और सड़क एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे शोभायात्रा मार्ग पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की लाइव फीड की निगरानी तेलंगाना एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र से चौबीसों घंटे की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी वहां से पूरे मार्ग की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
आपात स्थिति से निपटने और भीड़ नियंत्रण के लिए रणनीतिक स्थानों पर विशेष दलों की तैनाती की गई है। इनमें क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, एंटी-चेन स्नैचिंग टीम और महिलाओं की सुरक्षा के लिए शी टीम शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और आयोजकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण माहौल में गणेश विसर्जन का पर्व संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

