सऊदी अरब की चार दिवसीय यात्रा पर जाएंगे विदेश राज्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह 5 से 8 सितंबर तक सऊदी अरब के रियाद में रहेंगे। सऊदी अरब की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान वे सऊदी अरब के मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्री, विदेश मामलों और जलवायु मामलों के राज्यमंत्री, पर्यावरण, जल एवं कृषि उपमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार इस यात्रा के दौरान मंत्री सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय समुदाय और भारतीय व्यापार जगत के नेताओं, उद्यमियों एवं पेशेवरों से भी मिलेंगे। वे विदेशों में कार्यरत भारतीय कामगारों के साथ भी बातचीत करेंगे।

मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा दोनों पक्षों को मानव संसाधन, कौशल विकास, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय मामलों के क्षेत्रों में पारस्परिक हित के मुद्दों पर चर्चा करने और भारत और सऊदी अरब के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story